ऋषिकेश नगर निगम में देशभक्ति का जश्न, महापौर शंभू पासवान ने किया ध्वजारोहण ; उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान
ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। नगर निगम कार्यालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह में महापौर श्री शंभू पासवान ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण, कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के उद्घोषों से गूंज उठा।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
अपने संबोधन में महापौर शंभू पासवान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि आज देशवासी जिस स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष का परिणाम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
पर्यावरण मित्रों और कर्मचारियों का सम्मान
महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित ऋषिकेश के निर्माण में नगर निगम परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका है।
समारोह में नगर निगम के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों, पर्यावरण पर्यवेक्षकों और पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कार्मिकों ने इसे अपने कार्य के प्रति प्रोत्साहन बताते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।
देशभक्ति गीतों ने बांधा समां
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। श्री गंगा सभा की टीम और नगर निगम के कार्मिकों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
देशप्रेम से जुड़े गीतों पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवंत किया गया।
स्वच्छता और जनसेवा का लिया संकल्प
समारोह के दौरान नगर निगम की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता अभियानों और विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक महत्व तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाए।
कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया और राष्ट्रहित एवं जनहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
