NationalSports

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन सम्मान; द्रोणाचार्य पुरस्कारों की भी घोषणा

नई दिल्ली।

 

भारत केसरी

भारतीय खेल जगत के लिए बड़ी खबर सामने आई है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी है। खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों और खेल को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कारों के लिए चयन प्रक्रिया न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्र की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर पूरी की गई। समिति में नामचीन खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता से जुड़े विशेषज्ञ और खेल प्रशासक शामिल रहे।

 

17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

 

अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए 17 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। यह सम्मान पिछले चार वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है।

 

इस सूची में एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी, बैडमिंटन से त्रिशा जॉली और पुल्लेला गायत्री गोपीचंद, मुक्केबाजी से नरेंद्र, शतरंज से विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख शामिल हैं।

 

इसके अलावा बधिर निशानेबाजी से धनुष श्रीकांत, हॉकी से लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी से सुरजीत और पूजा, पैरा-शूटिंग से रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा-एथलेटिक्स से एकता भायन, नौकायन से अरविंद सिंह और निशानेबाजी से अखिल श्योरान को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है।

 

आई अरुमइनायागम को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम

 

फुटबॉल के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले आई अरुमइनायागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने सक्रिय खेल करियर के बाद भी खेलों के विकास और प्रोत्साहन में योगदान जारी रखा है।

 

पांच प्रशिक्षकों को मिलेगा द्रोणाचार्य पुरस्कार

 

खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने वाले प्रशिक्षकों को भी राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में सम्मान मिला है।

 

द्रोणाचार्य पुरस्कार की नियमित श्रेणी में एथलेटिक्स के परवीर सिंह, मुक्केबाजी के छोटे लाल यादव और निशानेबाजी की नेहा नंदकुमार चव्हाण को चुना गया है।

 

वहीं लाइफटाइम श्रेणी में मुक्केबाजी के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

 

आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार

 

खेलों के विकास और प्रोत्साहन में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 के लिए चुना गया है।

 

मंत्रालय के अनुसार, पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं को समर्पित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं आवेदन करने की सुविधा दी गई थी। इस वर्ष बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिनका चयन समिति ने विस्तृत परीक्षण किया।

 

राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा के साथ ही देश के उन खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को राष्ट्रीय पहचान मिली है, जिन्होंने अपने प्रदर्शन और योगदान से भारतीय खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।