रक्षाबंधन पर धामी सरकार का महिलाओं को खास तोहफा, पूरी खबर जाने..
देहरादून।
भारत केसरी
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में महिलाओं को शत-प्रतिशत किराया छूट देने का फैसला किया है। यानी इन दो दिनों में प्रदेश की महिलाएं रोडवेज बसों में बिल्कुल मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

इस संबंध में उत्तराखंड शासन की ओर से आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश के मुताबिक 28 और 29 अगस्त को निगम की बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।

रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए सफर करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से बहनों को न केवल आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि उन्हें सार्वजनिक परिवहन के जरिए सुरक्षित और सुगम यात्रा की सुविधा भी मिल सकेगी।
शासनादेश में अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा सुविधा दिए जाने के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।
सरकार का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर महिलाओं के आवागमन को आसान बनाना और उन्हें आर्थिक राहत देना इस निर्णय का प्रमुख उद्देश्य है।
कुल मिलाकर, रक्षाबंधन से पहले धामी सरकार का यह फैसला प्रदेश की बहनों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। सरकार इसे महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बता रही है।

