BIHAR

सोशल मीडिया पर रिल बनाने वालों की बल्ले बल्ले, सरकार देगी पैसा, मोबाइल उठाओ हो जाओ शुरू

पटना

भारत केसरी

सोशल मीडिया पर रील बनाकर अपनी पहचान बनाने वाले युवाओं के लिए बिहार सरकार ने बड़ा अवसर दिया है। बिहार पर्यटन विभाग की ओर से बिहार के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक विरासत, खान-पान और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रील मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में विजेताओं को ₹1 लाख तक की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

रील के इस दौर में बड़ी संख्या में युवा रोजाना शॉर्ट वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करते हैं। अब इन्हीं कंटेंट क्रिएटर्स को बिहार की खूबसूरती और सांस्कृतिक विरासत दुनिया तक पहुंचाने का मौका दिया जा रहा है।

प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹1 लाख और प्रशस्ति पत्र, द्वितीय पुरस्कार के रूप में ₹50 हजार, जबकि तृतीय पुरस्कार के रूप में ₹25 हजार दिए जाएंगे। इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के तौर पर ₹10-10 हजार की राशि प्रदान की जाएगी।

कौन ले सकता है हिस्सा?

प्रतियोगिता में कोई भी भारतीय नागरिक हिस्सा ले सकता है। भागीदारी के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है। प्रतिभागी को अपना नाम, जन्म तिथि, पता, ई-मेल और मोबाइल नंबर के साथ वैध पहचान पत्र जमा करना होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने की न्यूनतम आयु 12 वर्ष रखी गई है।

कैसे बनानी होगी रील?

प्रतिभागियों को बिहार के पर्यटन स्थलों, विरासत स्थलों, खान-पान और संस्कृति पर आधारित रील तैयार करनी होगी। वीडियो की अवधि 10 से 60 सेकंड के बीच होनी चाहिए और वीडियो एचडी क्वालिटी में शूट किया जाना चाहिए। रील का आकार 10 एमबी से कम और 100 एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए।

एक प्रतिभागी एक से अधिक रील भी जमा कर सकता है। विभाग की ओर से प्राप्त प्रविष्टियों में से सर्वश्रेष्ठ रील का चयन किया जाएगा।

इन बातों का रखना होगा ध्यान

रील पूरी तरह मौलिक होनी चाहिए और किसी अन्य व्यक्ति के कॉपीराइट का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। वीडियो में राष्ट्रविरोधी, अश्लील, अपमानजनक, भेदभावपूर्ण या जाति, धर्म, पंथ अथवा लिंग से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री नहीं होनी चाहिए। वीडियो में किसी प्रकार का लोगो, वाटरमार्क या व्यक्तिगत प्रचार भी नहीं होना चाहिए।

प्रतिभागी को रील के साथ अधिकतम 50 शब्दों में हिंदी या अंग्रेजी में शीर्षक और संक्षिप्त विवरण भी देना होगा।

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

प्रतिभागी बिहार पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी और नियम-शर्तें भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।