दिव्यांगजनों को योजनाओं और पुनर्वास सेवाओं का समयबद्ध व सुगम लाभ दिलाएं: सचिव समाज कल्याण
देहरादून, 20 अगस्त 2026। समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्वांकी ने गुरुवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी), गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय, देहरादून का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और सुविधाओं का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने दिव्यांगजनों के पंजीकरण, मूल्यांकन, परामर्श, पुनर्वास सेवाओं और सहायक उपकरणों से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध अभिलेखों तथा विभिन्न गतिविधियों का भी अवलोकन किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के निर्देश
सचिव समाज कल्याण ने निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं और पुनर्वास सेवाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुगम लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने तथा पात्र लाभार्थियों तक सेवाओं और सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए।
केंद्र को और अधिक दिव्यांगजन हितैषी बनाने पर जोर
डॉ. श्रीधर बाबू अद्वांकी ने डीडीआरसी की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं दिव्यांगजन हितैषी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से सेवाओं की गुणवत्ता और लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।
अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, एसीएमओ डॉ. चौहान, जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र के कार्मिक तथा गांधी शताब्दी जिला चिकित्सालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
