DEHRADUNUttrakhand

गोलीकांड के विरोध में सड़कों पर उतरी महिला कांग्रेस, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

देहरादून।

भारत केसरी

राजधानी में लगातार सामने आ रही गोलीकांड की घटनाओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को “जन सुरक्षा न्याय मार्च—सुरक्षित राजधानी, जवाबदेह सरकार” निकाला। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में निकले मार्च में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

मार्च पथरी बाग चौक से शुरू होकर लाल पुल चौक तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “कानून व्यवस्था दुरुस्त करो” और “भाजपा सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए। मार्च के समापन पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला भी दहन किया।

 

प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि राजधानी की सड़कों पर गोली चलने की घटनाएं आम लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर रही हैं। उन्होंने पथरी बाग चौक पर हुई गोलीकांड की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

 

उन्होंने कहा कि आम नागरिक की सुरक्षा सरकार की पहली जिम्मेदारी है। अपराधियों में कानून का भय और जनता में सुरक्षा का विश्वास होना चाहिए। सरकार को दावों के बजाय अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पुलिस-प्रशासन को जवाबदेह बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

 

महिला कांग्रेस ने साफ किया कि जनता की सुरक्षा के मुद्दे पर संगठन आगे भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता रहेगा।

 

प्रदर्शन में पार्षद इताद खान, वसीम मकरानी, आदर्श सूद, कैलाश ठाकुर, मनीष धीमान, सतेंद्र, गगन चाचर, मुरसलीन, हरिशंकर, समीर कुमार, अनिल शर्मा, लक्ष्य गोयल, अभिनव, अभिषेक डोबरियाल, गौरव रावत, नितिन उनियाल, विकास यादव, उदय यादव, सोनू, कुसुम रावत, अनीता सकलानी, रुचि रौतेला, नंदिता गढ़िया, अनुराधा, बबीता, सीमा और विजया समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।