स्वास्थ्य विभाग का अफसर बनकर करता था ठगी, 7 मुकदमों वाला आरोपी गिरफ्तार
देहरादून।
भारत केसरी
नौकरी लगवाने के नाम पर 32 लाख रुपये की कथित ठगी करने वाले आरोपी को नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने पिथौरागढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लोगों से रकम ऐंठता था और अपनी पुरानी विभागीय पहचान का इस्तेमाल कर युवाओं को गुमराह करता था।

पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर काम करने वाली महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शादी डॉट कॉम के जरिए उसकी मुलाकात चारू चन्द्र जोशी से हुई थी। आरोपी ने खुद को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए अधिकारियों से पहचान होने का दावा किया और शादी के साथ स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में महिला से करीब 32 लाख रुपये लिए गए।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है और पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में है। इसके बाद देहरादून पुलिस ने पिथौरागढ़ पुलिस से समन्वय कर 21 अगस्त को एंचोली क्षेत्र से चारू चन्द्र जोशी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2016 में स्वास्थ्य विभाग में संविदा फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत था। वर्ष 2022 में उसके खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज होने के बाद उसे नौकरी से हटा दिया गया था। इसके बाद वह अपनी पुरानी विभागीय पहचान का फायदा उठाकर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर लोगों से पैसे लेने लगा।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों में सात मुकदमे दर्ज हैं। जांच में फिलहाल किसी परीक्षा एजेंसी या चयन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्ति के साथ आरोपी के संपर्क के साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
