हर बारिश में जलभराव की टेंशन खत्म! आईटी पार्क के लिए बनेगा पक्का ड्रेनेज प्लान
देहरादून।
भारत केसरी
आईटी पार्क क्षेत्र में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को क्षेत्र का विस्तृत तकनीकी सर्वेक्षण कर प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

ऋषिपर्णा सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव का समाधान केवल अस्थायी जल निकासी से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और सुव्यवस्थित ड्रेनेज व्यवस्था से किया जाना जरूरी है। इसके लिए क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक जल निकासी के रास्ते, बारिश के पानी के प्रवाह और मौजूदा ड्रेनेज सिस्टम का गहन अध्ययन किया जाएगा।
सिंचाई विभाग के माध्यम से विशेषज्ञ कंसल्टेंसी की मदद से आईटी पार्क क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराया जाएगा। सितंबर माह तक सर्वेक्षण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ड्रेनेज प्लान तैयार कर तकनीकी परीक्षण के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, सिडकुल और अनुसंधान एवं नियोजन खंड के अधिकारियों के साथ एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
प्रशासन का कहना है कि स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था बनने से आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और स्थानीय नागरिकों, कर्मचारियों एवं राहगीरों का आवागमन भी सुगम होगा।
