DEHRADUNUttrakhand

महंगी चीनी और एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना

देहरादून।

भारत केसरी

महंगी चीनी और पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को देहरादून की ईसी रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “वाह रे मोदी तेरा खेल, खा गया चीनी पी गया तेल” जैसे नारों के साथ कांग्रेस ने महंगाई और एथेनॉल नीति को लेकर सरकार को घेरा।

सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति का असर पेट्रोल उपभोक्ताओं के साथ-साथ चीनी की कीमतों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि एथेनॉल उत्पादन में गन्ने के इस्तेमाल के कारण चीनी का उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिससे कीमतों में तेजी आई है।

 

धस्माना ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने गरीब की थाली से भोजन और अब चाय की प्याली से मिठास तक छीन ली है।

 

पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर भी कांग्रेस नेता ने सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि एथेनॉल मिले पेट्रोल के कारण पेट्रोल वाहनों के इंजन प्रभावित हो रहे हैं। कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार से नीति पर पुनर्विचार करने की मांग की है।

 

प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल पंप पर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस ने ऐलान किया कि महंगी चीनी और पेट्रोल के मुद्दे को अब प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप दिया जाएगा। पार्टी के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न जनपदों, शहरों, ब्लॉकों और न्याय पंचायत स्तर तक प्रदर्शन और धरने आयोजित किए जाएंगे।

 

कांग्रेस के इस प्रदर्शन को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महंगाई के मुद्दे पर पार्टी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।