CRIME NEWSDEHRADUNSSP Dehradun

रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत का मामला, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

देहरादून।

 

भारत केसरी

रायपुर थाना क्षेत्र के रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान इफ्तिखार के रूप में हुई है।

 

पुलिस के मुताबिक देर रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रक्षा विहार में मस्जिद के पास एक युवक कांच से चोटिल हो गया है और उसके साथी उसे उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी डोईवाला ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।

 

दूध पीने को लेकर लगी थी शर्त

 

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक इफ्तिखार और अनस आपस में मित्र थे और घटना से पहले अनस के कार्यालय में साथ बैठे थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान दोनों के बीच दूध पीने को लेकर शर्त लगी। दोनों ने कथित तौर पर एक-एक किलो दूध पीने के बाद आपस में जोर आजमाइश शुरू कर दी।

 

पुलिस के मुताबिक इसी दौरान धक्का लगने से इफ्तिखार कांच के दरवाजे पर गिर गया। दरवाजे का शीशा टूट गया और कांच उसके दाहिने हाथ की बगल में जा घुसा, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। इसके बाद अनस और उसके अन्य साथी घायल इफ्तिखार को तत्काल इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि की जा सके।

 

मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर रायपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में नामजद तीन आरोपियों को आंचल डेयरी रोड, रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

आरीश पुत्र मोहम्मद तालीब, निवासी रक्षा विहार, चूना भट्टा, थाना रायपुर, उम्र 28 वर्ष।

अनस पुत्र नसीम अहमद, निवासी रक्षा विहार, चूना भट्टा, थाना रायपुर, उम्र 22 वर्ष।

जावेद पुत्र नईम अहमद, निवासी रक्षा विहार, चूना भट्टा, थाना रायपुर, उम्र 23 वर्ष।

 

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी