देहरादून पुलिस का “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक”, हुड़दंगियों पर कसा शिकंजा
देहरादून।
भारत केसरी
रात के अंधेरे में नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नगर से लेकर देहात तक सभी थाना क्षेत्रों में चलाए गए “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” के तहत पुलिस ने व्यापक चेकिंग और कार्रवाई की।
अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा काले शीशे लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 34 अन्य वाहन सीज किए गए।
पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वाले 53 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 32,500 रुपये का जुर्माना लगाया, जबकि 47 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए।
रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस ने 700 से अधिक वाहनों की जांच की और 900 से अधिक लोगों से पूछताछ कर सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाई। वहीं, अनावश्यक रूप से घूम रहे 57 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की गई।

अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 84 व्यक्तियों के 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए और उनसे 21,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
दून पुलिस का कहना है कि रात्रि में संदिग्ध गतिविधियों और हुड़दंग पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार और अलग-अलग स्थानों पर आकस्मिक चेकिंग के साथ जारी रहेगा।
