ऋषिकेश में वेंडिंग व्यवस्था पर सख्ती, कार्ट बेचने या किराए पर देने पर होगा आवंटन रद्द
ऋषिकेश, 24 अगस्त 2026।
भारत केसरी
नगर निगम ऋषिकेश में स्ट्रीट वेंडरों की व्यवस्था को लेकर टाउन वेंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में हुई बैठक में वेंडिंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने, अवैध कब्जे पर रोक लगाने और आगामी कुंभ मेले को देखते हुए शहर की स्वच्छता व यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।
बैठक में महापौर ने स्पष्ट किया कि वेंडिंग कार्ट का लाभ केवल वास्तविक, पात्र और जरूरतमंद वेंडरों को ही मिलेगा। आवंटित कार्ट को बेचने, किसी दूसरे व्यक्ति को हस्तांतरित करने या किराए पर देने की शिकायत सामने आने पर संबंधित वेंडर का आवंटन तत्काल निरस्त किया जाएगा और भविष्य में दोबारा कार्ट आवंटित नहीं किया जाएगा।

महापौर ने निर्देश दिए कि जिस व्यक्ति के नाम पर कार्ट स्वीकृत है, वही उसका संचालन करेगा। कार्ट का इस्तेमाल केवल निर्धारित व्यवसाय के लिए किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वेंडर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सड़क और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सख्ती बरतने का फैसला लिया गया। वेंडरों को कार्य समाप्त होने के बाद ठेले या कार्ट को सड़क अथवा सड़क किनारे छोड़ने पर रोक रहेगी। सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण या यातायात बाधित होने की स्थिति में संबंधित वेंडर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के व्यवसाय करने की अनुमति भी नहीं होगी।
बैठक में महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। वेंडिंग कार्ट के संचालन में महिला समूहों को सहयोग और प्राथमिकता देने पर विचार किया गया, जिससे स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नगर की स्वच्छता, सुंदरता और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि ऋषिकेश एक प्रमुख पर्यटन और आध्यात्मिक नगरी है, ऐसे में कुंभ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
बैठक में वेंडरों से लिए जाने वाले दैनिक शुल्क भी निर्धारित किए गए। ठेले के लिए ₹20 प्रतिदिन और वेंडिंग कार्ट के लिए ₹50 प्रतिदिन शुल्क तय किया गया।
महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य किसी की आजीविका प्रभावित करना नहीं, बल्कि स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित स्थान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए यातायात, स्वच्छता और सार्वजनिक हित के बीच संतुलन कायम करना है।
बैठक में नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकान्त भट्ट, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, सिटी मिशन मैनेजर वरुण मल्होत्रा, यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार, कर निरीक्षक यशवीर सिंह सहित नगर निगम अधिकारियों, स्वयं सहायता समूहों और वेंडर प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
