त्योहारी सीजन में मिठाई-डेयरी दुकानों पर प्रशासन का ताबड़तोड़ एक्शन
देहरादून, 24 अगस्त 2026।
भारत केसरी
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जिलेभर में मिठाई, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष अभियान चलाया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में कई प्रतिष्ठित दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न मिठाई की दुकानों, डेयरी, रेस्टोरेंट और कैंटीनों का निरीक्षण किया। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच करते हुए नमूने एकत्र किए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अभियान के दौरान आनंदम स्वीट्स, 5 स्टार, कोहली स्वीट्स और कालरा स्वीट्स सहित कई बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर मिलावट या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहारी सीजन के दौरान सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखा जाए। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि खाद्य सामग्री और मिठाइयां खरीदते समय गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट की सूचना प्रशासन को दें।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

