देहरादून में व्यवस्था सुधारने के लिए 5 टास्क फोर्स गठित, 36 दिन पुरानी शिकायतों पर अधिकारियों को चेतावनी
देहरादून, 24 अगस्त 2026।
भारत केसरी
राजधानी में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्ट्रीट लाइट, कूड़ा डंपिंग प्वाइंट, सड़क, खाद्य सुरक्षा और बिजली चोरी की रोकथाम के लिए अलग-अलग 20-20 अधिकारियों की टास्क फोर्स गठित की है।

डीएम ने निर्देश दिए कि सभी टास्क फोर्स रोजाना फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेंगी और दैनिक रिपोर्ट संबंधित विभागों को उपलब्ध कराएंगी। खराब स्ट्रीट लाइट मिलने पर उसकी गूगल लोकेशन और फोटो तत्काल भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर क्षेत्र में कूड़ा डंपिंग साइटों की सफाई और प्रमुख मार्गों पर हादसों का कारण बन रहे गड्ढों की मरम्मत को भी प्राथमिकता देने को कहा गया है।
खाद्य सुरक्षा को लेकर गोदामों, किराना दुकानों, मिठाई की दुकानों, होटलों और ढाबों में सघन निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्लम और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली चोरी के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है।
डीएम ने आयुष्मान और राशन कार्डों की भी समीक्षा के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और अपात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उनका नाम हटाने की कार्रवाई की जाए।
वहीं सीएम हेल्पलाइन पर 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को लेकर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की घोषणाओं को भी निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा गया है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि विभागों को भेजी गई समस्याओं की एक्शन टेकन रिपोर्ट दैनिक आधार पर उपलब्ध करानी होगी। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार, अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत गिरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
