CRIME NEWSUttrakhand

₹68 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, पश्चिम बंगाल से साइबर गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून | 27 अगस्त 2026

भारत केसरी

उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹68 लाख की साइबर ठगी के मामले में अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार रजक और सैयद शादाब अली उर्फ करीम भाई के रूप में हुई है।

 

एसटीएफ के मुताबिक, आरोपियों ने शेयर मार्केट और IPO में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर पीड़ितों से लाखों रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराए। दो अलग-अलग मामलों में शिकायतकर्ताओं से कुल ₹66,18,437 की रकम जमा कराई गई।

 

जांच के दौरान बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों से Bank of Baroda के RAJAK & COMPANY खाते का पता चला। इस खाते में दोनों मामलों से संबंधित कुल ₹27.20 लाख की रकम ट्रांसफर होना पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि खाते में साइबर ठगी की रकम आने के बाद उसे RTGS समेत अन्य माध्यमों से दूसरे खातों में भेजा गया।

 

एसटीएफ के अनुसार, उक्त बैंक खाते के संबंध में NCRP पोर्टल पर 19 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज मिली हैं। इससे खाते के साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने की महत्वपूर्ण पुष्टि हुई।

 

WhatsApp चैट से खुली अहम कड़ी

 

आरोपी राकेश कुमार रजक के मोबाइल फोन की जांच में सैयद शादाब अली उर्फ करीम भाई के साथ हुई WhatsApp चैट मिली। चैट के विश्लेषण में बैंक खाते की नेट बैंकिंग उपलब्ध कराने और उसके बदले कमीशन लेने से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य सामने आए।

 

एसटीएफ टीम ने दोनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल में दबिश देकर गिरफ्तार किया। इसके बाद स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उन्हें देहरादून लाया गया।

 

पुलिस के मुताबिक, सैयद शादाब अली की भूमिका खातों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आई है। वहीं, गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और ठगी की रकम की बरामदगी को लेकर आगे की जांच जारी है।

 

प्रकरण में शिकायतकर्ता की ₹12 लाख की होल्ड धनराशि की रिकवरी के लिए न्यायालय का आदेश संबंधित बैंक को भेजा जा चुका है।

 

एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि शेयर मार्केट, IPO या ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अज्ञात लोगों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान लिंक, मोबाइल नंबर या बैंक खाते में पैसा भेजने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

गिरफ्तार आरोपी:

 

राकेश कुमार रजक, उम्र 40 वर्ष, निवासी वेस्ट बरानगर, कोलकाता।

सैयद शादाब अली उर्फ करीम भाई, उम्र 32 वर्ष, निवासी गार्डन रीच, कोलकाता।

 

एसटीएफ टीम: निरीक्षक राजेश सिंह, उपनिरीक्षक हिम्मत सिंह और कांस्टेबल सोहन बडोनी।