करोड़ों की साइबर ठगी में वांछित आरोपी को STF ने कोलकाता से दबोचा
देहरादून | 27 अगस्त 2026
भारत केसरी
उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर टीम ने करीब ₹3.20 करोड़ की साइबर ठगी के मामले में वांछित आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कंपनी के उच्चाधिकारी और मैनेजिंग डायरेक्टर बनकर WhatsApp के जरिए कंपनी के जनरल मैनेजर को विश्वास में लेकर करोड़ों रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराने का आरोप है।
जांच के दौरान सामने आया कि साइबर ठगों ने प्रोजेक्ट के एडवांस पेमेंट और अन्य आवश्यक भुगतानों के नाम पर कंपनी के जनरल मैनेजर से संपर्क किया। इसी क्रम में Shyam Trading Company के बैंक खाते में भी धनराशि ट्रांसफर कराई गई।
तकनीकी जांच के बाद कोलकाता में गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने साइबर क्राइम पुलिस टीम को तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए थे। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर कोलकाता पहुंचकर आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्द्र कांत मिश्रा, निवासी ग्रीन फील्ड सिटी, महेशतल्ला, कोलकाता, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।

आरोपी के पास से बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 मोबाइल फोन, 04 सिम कार्ड और HP कंपनी का 01 लैपटॉप बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में लैपटॉप से विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं से संबंधित एडिटेबल दस्तावेज, बैंक लोन आवेदन, विभिन्न व्यक्तियों के आधार कार्ड व पैन कार्ड की प्रतियां तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं।
बरामद मोबाइल फोन और लैपटॉप का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस आरोपी से ठगी में उसकी भूमिका, धनराशि के लेन-देन और उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
एसटीएफ के अनुसार, इस मामले में पूर्व में 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके खिलाफ न्यायालय में आरोप-पत्र भी दाखिल किया जा चुका है। अब पुलिस साइबर ठगी में शामिल अन्य व्यक्तियों और पूरे साइबर अपराध नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
