श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश’ मैराथन, 450 बच्चों ने दौड़कर दिया स्वच्छता का संदेश
ऋषिकेश, 1 सितंबर 2026। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन उपलक्ष्य में नव मधुबन आश्रम द्वारा ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश मुनि की रेती-ढालवाला मधुबन कृष्णोत्सव मैराथन’ का भव्य आयोजन किया गया। मैराथन में बालक एवं बालिका वर्ग के लगभग 450 बच्चों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने दौड़ के माध्यम से स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मैराथन का शुभारंभ नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, मुनि की रेती-ढालवाला नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, समाजसेवी कमल सिंह राणा, नव मधुबन आश्रम के महासचिव राजीव कालरा, समाजसेवी ज्योति शर्मा, अशोक नेगी एवं ब्लू राइडर साइकिल संगठन के सदस्यों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

नव मधुबन आश्रम से शुरू हुई मैराथन
मैराथन नव मधुबन आश्रम से शुरू होकर देहरादून तिराहा, नटराज चौक, आईएसबीटी और 14 बीघा पुल से होते हुए पुनः नव मधुबन आश्रम परिसर में संपन्न हुई।
दौड़ के दौरान प्रतिभागी बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने खेल भावना के साथ मैराथन में हिस्सा लेते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
इस अवसर पर नव मधुबन आश्रम के अध्यक्ष परमानंद दास महाराज ने सभी प्रतिभागी बच्चों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया तथा उन्हें श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की।
महापौर बोले—यह सिर्फ मैराथन नहीं, सामाजिक संदेश का अभियान
महापौर शंभू पासवान ने कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नव मधुबन आश्रम द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश’ मैराथन में लगभग 450 बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं के माध्यम से समाज को स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने का प्रभावी प्रयास है।
महापौर ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन हमें कर्म, अनुशासन और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ने के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होती है।
उन्होंने कहा कि गंगा हमारी आस्था और पहचान का प्रतीक है और इसे स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
3 सितंबर को मिलेगा विजेताओं को नकद पुरस्कार
मैराथन के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी 3 सितंबर को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार राशि इस प्रकार रहेगी—
- प्रथम स्थान: ₹5,100
- द्वितीय स्थान: ₹3,100
- तृतीय स्थान: ₹2,100
- चतुर्थ स्थान: ₹1,100
- पंचम स्थान: ₹1,100
जन्माष्टमी पर होंगे कई सांस्कृतिक कार्यक्रम
जन्मोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 2 सितंबर को पेंटिंग, क्विज और श्लोक पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद 3 सितंबर को ग्रुप डांस, ग्रुप सिंगिंग और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा।
वहीं 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का मुख्य महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा, जबकि 5 सितंबर को नंदोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।
