CRIME NEWSUttrakhand

ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार

ऋषिकेश: नाबालिग के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में ऋषिकेश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच में होटल प्रबंधन की कथित लापरवाही और संलिप्तता के तथ्य सामने आने पर पुलिस ने होटल मैनेजर और होटल संचालक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए संबंधित मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट भेज दी है।

16 वर्षीय नाबालिग को होटल ले जाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को पीड़िता के पिता ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 29 अगस्त 2026 को मुजफ्फरनगर निवासी सोफियान नाम का युवक उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ऋषिकेश स्थित होटल गंगा इन में ले गया।

आरोप है कि होटल में युवक ने नाबालिग के साथ मारपीट और दुष्कर्म किया। पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 431/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

हरिद्वार से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और 31 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी सोफियान को हरिद्वार क्षेत्र में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसकी जांच के दौरान पुलिस को घटना से संबंधित कथित फोटो और वीडियो मिले हैं।

होटल मैनेजर और संचालक भी गिरफ्तार

पुलिस की जांच और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में आई। पुलिस के अनुसार नाबालिग को होटल में कथित तौर पर उचित पहचान और सत्यापन के बिना प्रवेश दिया गया तथा आवश्यक रजिस्टर प्रविष्टि भी नहीं की गई।

पुलिस का यह भी कहना है कि होटल प्रबंधन को घटना की जानकारी होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों या सहायता एजेंसियों को सूचना नहीं दी गई। जांच के दौरान पीड़िता को होटल से बाहर ले जाते समय सीसीटीवी कैमरे बंद किए जाने के तथ्य भी सामने आने की बात कही गई है।

इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और होटल संचालक राहुल अग्रवाल को गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान मामले में पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

होटल का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू

पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक मुख्य आरोपी, होटल मैनेजर और होटल संचालक समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

साथ ही संबंधित होटल के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सोफियान, निवासी जानसठ क्षेत्र, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र 21 वर्ष।
  2. वैभव गुप्ता, निवासी देहरादून रोड, ऋषिकेश, उम्र 34 वर्ष।
  3. राहुल अग्रवाल, निवासी अद्वैतानंद मार्ग, ऋषिकेश, उम्र 36 वर्ष।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक विकसित पंवार, उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक निखलेश बिष्ट, महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा, हेड कांस्टेबल संदीप राठी, कांस्टेबल तेज सिंह, अभिषेक और हिमांशु शामिल रहे।

पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।