देहरादून में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 80 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए दून पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना राजपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 259 ग्राम स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने पुरकुल रोड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस ने जंगल मंगल तिराहा, पुरकुल रोड के पास से आरोपी राशिद को गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी लेने पर 259 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राशिद पुत्र शमशाद निवासी एमडीडीए कॉलोनी, केदारपुरम, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 52 वर्ष बताई गई है।
सब्जी की ठेली लगाता था आरोपी, जल्दी पैसा कमाने के लालच में बना तस्कर 
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सब्जी की ठेली लगाता है। जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने नशे के कारोबार में कदम रखा।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर क्षेत्र से एक नशा तस्कर के माध्यम से लेकर आया था। उसकी योजना स्थानीय नशा तस्करों को महंगे दामों पर स्मैक बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में मादक पदार्थों की तस्करी समेत अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
आरोपी के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजपुर उपनिरीक्षक पीडी भट्ट, चौकी प्रभारी कुठाल गेट उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी, कांस्टेबल अमित, कांस्टेबल मोहित और एएनटीएफ के कांस्टेबल गौरव शामिल रहे।
दून पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
