पटेलनगर में दो स्कूटी चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार; दोनों वाहन बरामद
देहरादून। कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने वाहन चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की गई दोनों स्कूटियां भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र में दो लोगों ने अपनी स्कूटियां चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। एक मामले में कारगी ग्रांट निवासी मोहम्मद दिलशाद की स्कूटी UK-07-HH-4492 चोरी हुई थी, जबकि दूसरे मामले में पित्थूवाला कैलाशपुर निवासी इंतजार की स्कूटी UK-07-FL-2908 अज्ञात चोर चुरा ले गए थे।
दोनों मामलों में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमे दर्ज कर पुलिस टीम को घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस
वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों का भी सत्यापन किया गया।
पुलिस की जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर 2 सितंबर 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर हरिद्वार बाईपास रोड स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल मार्ग के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद आसिफ पुत्र वशी अहमद, निवासी कारगी मुस्लिम बस्ती, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से नजीबाबाद, बिजनौर का रहने वाला है और उसकी उम्र 29 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी UK-07-FL-2908 बरामद की। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर दूसरी चोरी की स्कूटी UK-07-HH-4492 को सचिवालय कॉलोनी से आगे झाड़ियों में छिपाकर रखे स्थान से बरामद किया गया।
नशे की जरूरत पूरी करने के लिए करता था चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपने नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
आरोपी चोरी की दोनों स्कूटियों को बेचने की फिराक में था, लेकिन दून पुलिस की सक्रियता और सघन चेकिंग के चलते वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह कुमाई, कांस्टेबल अनोज राणा और कांस्टेबल शिवराज सिंह शामिल रहे।
