DEHRADUN

देहरादून संभाग में कॉमर्शियल वाहन चालकों का हर साल होगा हेल्थ चेकअप, मेडिकल रिपोर्ट रखना भी जरूरी

img_1788413301563

देहरादून। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब देहरादून संभाग में सभी कॉमर्शियल वाहनों के चालकों का हर साल स्वास्थ्य परीक्षण कराना अनिवार्य होगा।

आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी के अनुसार, रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (आरटीए) की हालिया बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत चालकों का वार्षिक हेल्थ चेकअप कराने की जिम्मेदारी संबंधित वाहन स्वामियों की होगी।

इसके साथ ही चालक की मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट वाहन के अंदर रखना भी अनिवार्य किया जाएगा, ताकि परिवहन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारी चेकिंग के दौरान इसकी जांच कर सकें।

हादसों पर रोक लगाने की तैयारी

परिवहन विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कॉमर्शियल वाहन चालक किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित न हो, जिससे वाहन चलाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण सड़क हादसा होने की आशंका पैदा हो।

विभाग का मानना है कि नियमित स्वास्थ्य जांच से चालकों की फिटनेस पर नजर रखी जा सकेगी और बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी कारणों से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।

परिवहन विभाग जल्द ही इस व्यवस्था को सख्ती के साथ लागू करने की तैयारी कर रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कॉमर्शियल वाहन स्वामियों को अपने चालकों के वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण और मेडिकल फिटनेस से जुड़े दस्तावेजों को सुनिश्चित करना होगा।