DEHRADUN

स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के तीसरे दिन स्कूलों में जागरूकता अभियान, बच्चों को बताया PM10 और PM2.5 का खतरा

देहरादून। स्वच्छ और स्वस्थ देहरादून के उद्देश्य से नगर निगम ने स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के तीसरे दिन शहर के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के कारणों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए क्विज और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इसके माध्यम से बच्चों को खास तौर पर PM10 और PM2.5 जैसे सूक्ष्म कणीय प्रदूषकों के बारे में जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि ये सूक्ष्म कण वायु की गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं। इनके प्रमुख स्रोतों में वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़कों की धूल, निर्माण और विध्वंस कार्य, कूड़ा जलाना तथा अन्य दहन गतिविधियां शामिल हैं।

बच्चों को बताई प्रदूषण कम करने में उनकी भूमिका

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि वायु प्रदूषण को कम करने में आम नागरिकों और विशेष रूप से युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

बच्चों को खुले में कूड़ा नहीं जलाने, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, साइकिल को बढ़ावा देने, वाहनों का नियमित रखरखाव कराने और धूल नियंत्रण में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाने और हरित क्षेत्रों को विकसित करने का संदेश भी दिया गया।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छ वायु, प्रदूषण मुक्त देहरादून और हरित शहर जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता दिखाई। वहीं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से वायु गुणवत्ता और PM10 तथा PM2.5 से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां रोचक तरीके से साझा की गईं।

नगर निगम के अनुसार स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के तहत शहर में जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों के साथ-साथ बाजारों और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगातार आईईसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि “स्वच्छ वायु, स्वस्थ जीवन” के लक्ष्य को सफल बनाने के लिए खुले में कूड़ा जलाने से बचें, धूल और धुएं के उत्सर्जन को कम करें तथा स्वच्छ और हरित देहरादून बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।