राहुल गांधी की गिरफ्तारी हुई तो देशभर में सड़कों पर उतरेगी जनता: सूर्यकांत धस्माना
देहरादून।
भारत केसरी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में दर्ज मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राहुल गांधी को गिरफ्तार करने की कोशिश की गई तो कांग्रेस ही नहीं, बल्कि आम जनता भी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

ईसी रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में धस्माना ने कहा कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान से जुड़े कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण में अब तक कार्रवाई नहीं हुई, जबकि राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद तीन सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी न तो जांच हुई और न ही कोई गिरफ्तारी की गई।
धस्माना ने कहा कि 7 सितंबर को कांग्रेस देहरादून में बड़ा प्रदर्शन करेगी और मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने इसे भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस के आगामी आंदोलन की शुरुआत बताया।
