नेपाल की त्रासदी पर सतपाल महाराज ने जताई संवेदना, राजदूत से मुलाकात कर हरसंभव मदद का दिया भरोसा
नई दिल्ली/देहरादून।
भारत केसरी
उत्तराखंड के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित नेपाल दूतावास पहुंचकर नेपाल के राजदूत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नेपाल में आई त्रासदी पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सतपाल महाराज ने कहा कि संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड समेत पूरा भारत नेपाल के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार नेपाल को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि भारत की NDRF टीमें नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
महाराज ने भारत-नेपाल के रिश्तों को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच ‘रोटी-बेटी’ का रिश्ता होने के साथ-साथ सदियों पुराने सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध भी हैं।
उन्होंने महेन्द्रनगर-बनबसा के बीच प्रस्तावित लैंड पोर्ट से जुड़ी बाधाओं के समाधान की जानकारी देते हुए कहा कि इसके निर्माण से दोनों देशों के बीच आवागमन और व्यापार के साथ-साथ पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। उत्तराखंड सरकार और भारत सरकार के सहयोग से तराई क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सतपाल महाराज ने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि नेपाल के केवल एक क्षेत्र में आपदा आई है, जबकि अन्य क्षेत्र सुरक्षित हैं। ऐसे में पर्यटकों को नेपाल की यात्रा को लेकर अनावश्यक रूप से हतोत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है।
