CM UTTRAKHANDDEHRADUNSSP Dehradun

पुलिस लाइन में गूंजे कान्हा के जयकारे, लोक संस्कृति के रंग में सजा जन्माष्टमी महोत्सव

देहरादून।

भारत केसरी

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर देहरादून पुलिस लाइन में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और श्रीकृष्ण भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को कान्हा जी की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया।

 

महोत्सव में उत्तराखंड के लोकगायक गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, हेमंत बृजवासी, दर्शन फर्सवाण, रेशमा शाह और करिश्मा शाह ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया और दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए।

 

अपने संबोधन में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और पुलिस परिवार द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की।

 

वहीं, जन्माष्टमी के अवसर पर एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने सपरिवार पुलिस लाइन मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। जनपद के राजपत्रित अधिकारियों और पुलिस परिवार के सदस्यों ने भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में भाग लिया।

 

पूजा-अर्चना के बाद सामूहिक आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। एसएसपी ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए समाज में शांति, प्रेम, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया।

 

जन्माष्टमी महोत्सव में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को खास बना दिया।