मंदिर चोरी का 24 घंटे में खुलासा, नशे के लिए चोरी करने वाले 2 आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार
देहरादून।
भारत केसरी
राजपुर थाना क्षेत्र के पुरुकुल रोड स्थित माता भरना देवी मंदिर में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मंदिर में चोरी करने वाले दो आरोपियों के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई अष्टधातु की मूर्तियां, घंटा, दीपक, थाली, शिवलिंग समेत नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को भगवंतपुर निवासी पंकज जोशी ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर पुरुकुल रोड स्थित माता भरना देवी मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां, घंटियां, दीपक, थाली, शिवलिंग और नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुराने मामलों में सामने आए आरोपियों का भी सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान 4 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर भंडार गांव, पुरुकुल रोड के पास चेकिंग के दौरान सिद्धार्थ थापा और अंकित भंडारी को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से मंदिर से चोरी किया गया सामान और नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मंदिर की पहले रैकी की थी और इसके बाद सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने यह भी कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और चोरी से मिले सामान को बेचकर हासिल रकम का इस्तेमाल नशे की जरूरत पूरी करने में करते थे।
आरोपियों ने चोरी के कुछ सामान को शत्रुघ्न नाम के कबाड़ी को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मंगल तिराहा, पुरुकुल रोड के जंगल के पास दबिश देकर शत्रुघ्न को भी चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, शत्रुघ्न की काठ बंगला राजपुर में कबाड़ की दुकान है। उसने मुनाफा कमाने के लालच में आरोपियों से चोरी का सामान कम कीमत पर खरीदा था और उसे महंगे दामों में बेचने की तैयारी में था।
बरामद सामान
अष्टधातु की 4 मूर्तियां
अष्टधातु का 1 घंटा
अष्टधातु के 2 दीपक
अष्टधातु की 3 थालियां
अष्टधातु की 1 तश्तरी
अष्टधातु का 1 शिवलिंग
₹2,000 नकद
गिरफ्तार आरोपी
सिद्धार्थ थापा (31) निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून
अंकित भंडारी (32) निवासी बापू नगर, जाखन, देहरादून
शत्रुघ्न (52) निवासी दरभंगा, बिहार, हाल निवासी काठ बंगला, राजपुर, देहरादून।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी, चौकी प्रभारी कुठाल गेट, कांस्टेबल सत्येंद्र और कांस्टेबल सुरेंद्र शामिल रहे।
