Uttrakhand

अल्मोड़ा भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’, अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने का तैयार हुआ रोडमैप

अल्मोड़ा: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला कार्यशाला का आयोजन किया। अल्मोड़ा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित इस कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के साथ जनसेवा को लेकर विस्तृत रोडमैप तैयार किया।

कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा ‘सेवा ही संगठन’ और ‘अंत्योदय’ के मूल संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। कार्यशाला में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और पिछड़े वर्ग के लोगों तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी संगठन की प्राथमिकता है।

कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, महापौर अजय वर्मा, प्रदेश मंत्री गौरव पाण्डेय, दर्जा मंत्री गोविन्द पिल्खवाल, वरिष्ठ नेता कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, बिट्टू कर्नाटक, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट और दर्शन रावत समेत जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष-महामंत्री और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा ने इस अभियान के जरिए सेवा, संगठन की मजबूती और अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने का संदेश दिया।