श्रमिक शिविर में सतपाल महाराज ने सुनीं जन समस्याएं, मौके पर अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश
पौड़ी: चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड एकेश्वर के पणखेत स्थित ब्लॉक सभागार में श्रम विभाग की ओर से श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने प्रतिभाग कर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों से संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कई जन समस्याओं का मौके पर ही संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को इनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

शिविर को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि श्रम विभाग की ओर से आयोजित ऐसे शिविरों से लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। सरकार का प्रयास है कि प्रशासनिक सुविधाओं को कार्यालयों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जनता के द्वार तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। निर्माण कार्य, सड़क और भवन निर्माण, औद्योगिक क्षेत्र समेत श्रम आधारित प्रत्येक क्षेत्र में श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण है। श्रमिकों के परिश्रम के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।
महाराज ने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है। इसके लिए श्रमिकों का पंजीकरण और समय पर नवीनीकरण बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलती है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे समय पर अपना पंजीकरण कराएं और जिनका पंजीकरण पहले से है, उसका नवीनीकरण भी अवश्य कराएं।
कैबिनेट मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक श्रमिक को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। श्रमिकों का सम्मान, सुरक्षा और कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राकेश नैथानी, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट, जिला महामंत्री महिपाल नेगी, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद प्रकाश वर्मा, प्रभारी बृजमोहन रावत, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, एसडीएम रेखा आर्य और खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा समेत स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल, चिकित्सा, ऊर्जा और बाल विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
महाराज ने कहा कि श्रमिकों का श्रम ही प्रदेश की प्रगति की आधारशिला है और सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
