DEHRADUNDM DEHRADUN

समाधान दिवस में 120 शिकायतें दर्ज, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून, 07 सितंबर 2026। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी 120 शिकायतें दर्ज की गईं।

डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री घोषणा और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज मामलों की भी समीक्षा की गई।

90 किराएदारों वाले जर्जर भजन आश्रम भवन का मामला गंभीर

ऋषिकेश के भजन आश्रम के सचिव ने अद्वैतानंद मार्ग और तिलक मार्ग स्थित दो जर्जर भवनों की समस्या उठाई। बताया गया कि इन भवनों में करीब 90 किराएदार रह रहे हैं और नोटिस दिए जाने के बावजूद भवन खाली नहीं किए जा रहे हैं। संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए डीएम ने एसडीएम ऋषिकेश और नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

भूमि धोखाधड़ी और आर्थिक मामलों की शिकायतें

70 वर्षीय विधवा प्रेमा रावत ने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी डीलर ने धोखाधड़ी कर उनकी 228 वर्गमीटर भूमि का विक्रय पत्र तैयार कर भूमि बेच दी और उन्हें करीब 90 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। डीएम ने मामले की जांच के लिए एसडीएम सदर को निर्देशित किया।

वहीं रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने कमेटियों और उधार के रूप में दी गई लाखों रुपये की धनराशि वापस नहीं मिलने की शिकायत की। मामले की जांच के लिए सीओ रायपुर को निर्देश दिए गए।

स्कूल की जर्जर छत और सड़क बाधित होने का मामला

ग्राम पंचायत सिंधवाल के उपप्रधान ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय की जर्जर छत से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

त्यूनी-चकराता-मसूरी मोटर मार्ग पर बारिश के कारण बोल्डर गिरने और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बाधित होने की शिकायत पर एनएच अधिकारियों को सड़क जल्द सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।

अवैध मोबाइल टावरों पर कार्रवाई के निर्देश

सहसपुर के ग्राम पंचायत छरबा में आवासीय भूमि पर मोबाइल टावर लगाए जाने और उसे अवैध घोषित किए जाने के बावजूद नहीं हटाए जाने की शिकायत पर डीएम ने एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कृष्णा विहार में घनी आबादी के बीच मकान की छत पर लगाए गए मोबाइल टावर की जांच के भी निर्देश दिए गए।

पारिवारिक उत्पीड़न के मामलों में तत्काल कार्रवाई

पटेल नगर निवासी 75 वर्षीय विधवा ऊषा सूरी ने किराएदार पर उत्पीड़न, किराया न देने और मकान पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया। डीएम ने सीओ पटेल नगर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

रेसकोर्स निवासी 65 वर्षीय माला देवी ने बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा नत्थनपुर क्षेत्र में ठेलियों के कारण यातायात जाम, पंचायत भूमि पर अवैध कब्जा, कच्चे मकानों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता और दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत सहित कई जनसमस्याएं समाधान दिवस में उठीं।

डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि हर मामले में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।