जनसुरक्षा से समझौता नहीं, रोड कटिंग कार्य युद्धस्तर पर पूरे करें: डीएम
देहरादून, 07 सितंबर 2026। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में चल रहे रोड कटिंग और निर्माण कार्यों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जनसुरक्षा और जनसुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को मैनपावर बढ़ाकर कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए।
रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित रोड कटिंग समिति की बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
डीएम ने निर्देश दिए कि 10 से 25 सितंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाकर सभी लंबित और गतिमान रोड कटिंग कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। कार्य पूरा होते ही संबंधित सड़क की तत्काल रिस्टोरेशन सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में सड़कों को लंबे समय तक खोदकर नहीं छोड़ा जाएगा। कार्यदायी संस्थाओं को रोड कटिंग के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार तुरंत सड़क की मरम्मत और पुनर्स्थापना करनी होगी।
15 दिन में पूरा करना होगा कार्य
डीएम ने कहा कि रोड कटिंग की अनुमति लेने वाली संस्थाओं से कार्य पूरा करने की स्पष्ट समयबद्ध घोषणा ली जाएगी। स्वीकृत कार्यों को अधिकतम 15 दिनों के भीतर पूरा करना होगा। निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं करने वाली कार्यदायी संस्था या विभाग की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
कंट्रोल रूम को देनी होगी रोजाना प्रगति रिपोर्ट
संचालित कार्यों की नियमित निगरानी के लिए कंट्रोल रूम से प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी कार्यदायी संस्थाओं को अपने कार्यों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध करानी होगी। देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं को जवाबदेह बनाया जाएगा।
नई रोड कटिंग अनुमति के नियम भी सख्त
अब नई रोड कटिंग की अनुमति संबंधित एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात और अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग की संस्तुति के आधार पर दी जाएगी। अनुमति से पहले यातायात व्यवस्था, जनसुविधा, सुरक्षा और सड़क की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
सीमाद्वार जलभराव समस्या के स्थायी समाधान की डीपीआर तैयार
बैठक में सीमाद्वार क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है और इसे शासन को भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि शहर की सड़कों और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों के दौरान आमजन की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा सभी कार्य तय समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
