Uttrakhand

नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए देहरादून के लोगों ने जुटाए 1.31 लाख रुपये, तीज कार्यक्रम भी किया स्थगित

देहरादून। नेपाल में आई भीषण त्रासदी से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए देहरादून के भारूवाला ग्रांट, जाली गांव, बेल रोड और मोहब्बेवाला क्षेत्र के लोगों ने आगे बढ़कर राहत राशि जुटाई है। स्थानीय लोगों ने घर-घर जाकर कुल 1 लाख 31 हजार 350 रुपये एकत्रित किए, जिसे नेपाल आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए गोर्खाली सुधार सभा को सौंप दिया गया।

गोरखाली सुधार सभा से चयनित भारूवाला ग्रांट शाखा के अध्यक्ष डी.एस. छेत्री के नेतृत्व में उनकी टीम के सदस्य बी. गुरुंग, हरि राना और एल.बी. थापा (मीडिया) ने क्षेत्र के लोगों के घर-घर जाकर राहत राशि एकत्रित की।

इसके अलावा सत्यनारायण महिला कीर्तन मंडली, जाली गांव, बेल रोड और मोहब्बेवाला क्षेत्र की महिलाओं ने भी नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद के लिए 21 हजार रुपये का चेक गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा को सौंपा।

इस अवसर पर शारदा गुरंग, सुनीता छेत्री, सरिता शाही, उषा गुरंग और लाल बहादुर थापा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

नेपाल में आई त्रासदी को देखते हुए क्षेत्र की महिलाओं ने इस वर्ष अपने गांव में आयोजित होने वाले तीज के सांस्कृतिक कार्यक्रम को नहीं मनाने का निर्णय भी लिया है। महिलाओं ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में उत्सव के बजाय पीड़ित परिवारों की सहायता और उनके प्रति संवेदना व्यक्त करना अधिक महत्वपूर्ण है।

एकत्रित राहत राशि गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा को उनके कार्यालय गढ़ी कैंट पहुंचकर सौंपी गई तथा राशि की प्राप्ति रसीद भी ली गई।

इस दौरान उत्तराखंड राज्य मंत्री एवं गोरखा कल्याण समिति के उपाध्यक्ष अभिषेक शाही भी मौजूद रहे।

नेपाल आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए स्थानीय लोगों और महिला संगठनों की इस पहल को सामाजिक एकजुटता और मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण माना जा रहा है।