कांग्रेस चार्जशीट कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पुरजोर आवाज उठाएगी कांग्रेस: करण माहरा
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में मंगलवार को कांग्रेस की चार्जशीट कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की वर्तमान सरकार के खिलाफ जनता से जुड़े मुद्दों, सरकार की कथित विफलताओं और भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर व्यापक चार्जशीट तैयार करने की रणनीति पर गहन मंथन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था, खनन, भूमि से जुड़े मामलों और विकास कार्यों में कथित ढिलाई के कारण प्रदेश की जनता परेशान है।
करण माहरा ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और सरकार की नाकामियों को तथ्यों के साथ जनता के सामने लाने के लिए एक मजबूत चार्जशीट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों को इस आरोप पत्र में शामिल करेगी।
बैठक में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं की सुरक्षा और भू-कानून जैसे संवेदनशील विषयों को चार्जशीट में प्रमुखता से शामिल करने पर चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में सामने आए कथित घोटालों और प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़े तथ्यों को भी संकलित किया जा रहा है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। चार्जशीट कमेटी सरकार के खिलाफ तथ्यों और जनसमस्याओं को व्यवस्थित रूप से एकत्र कर जनता के समक्ष रखेगी। 
