नगर निगम देहरादून ने मनाया स्वच्छ वायु दिवस, विद्यार्थियों को किया सम्मानित
देहरादून। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत नगर निगम देहरादून द्वारा नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में स्वच्छ वायु दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न विद्यालयों में संस्थाओं के सहयोग से कई गतिविधियां आयोजित की गईं।
सोमवार को नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, क्विज, पोस्टर मेकिंग, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली शो और जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को PM10 और PM2.5 जैसे वायु प्रदूषकों, उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव तथा वायु प्रदूषण को कम करने के उपायों की जानकारी दी गई।
विभिन्न प्रतियोगिताओं और जागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को महापौर सौरभ थपलियाल ने सम्मानित एवं पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छ वायु और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर 12वीं रैंक हासिल करने की उपलब्धि भी साझा की। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि शहर में वायु गुणवत्ता सुधार, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
इसके साथ ही नगर निगम देहरादून के वार्ड संख्या 05, धोरण को राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ वार्ड के रूप में चयनित किए जाने की जानकारी भी दी गई। वार्ड में सड़क और पाथवे निर्माण, पेविंग, हरित क्षेत्रों के विकास तथा कचरा प्रबंधन के लिए ट्रांसफर स्टेशन जैसी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया गया।
इन प्रयासों से क्षेत्र में स्वच्छता, हरियाली और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि स्वच्छ वायु दिवस का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को खुले में कूड़ा जलाने से रोकने, कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने, वाहनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण और हरित क्षेत्रों के विकास के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार को अपनाकर प्रत्येक नागरिक वायु प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
नगर निगम देहरादून ने कहा कि वायु गुणवत्ता सुधार और स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। “स्वच्छ वायु–स्वस्थ देहरादून” के संकल्प के साथ नागरिकों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
