Uttrakhand

सैन्यधाम के कथित भ्रष्टाचार और मंत्री गणेश जोशी के बयान पर कांग्रेस ने राज्यपाल से मांगा समय

देहरादून, 8 सितंबर 2026। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने सैन्यधाम में कथित भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितताओं तथा सैन्यधाम के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी के “चुनावी लाभ” संबंधी बयान को लेकर राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा। मुलाकात का समय उपलब्ध नहीं होने पर प्रतिनिधिमंडल लोकभवन पहुंचा और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा, ताकि इसे राज्यपाल तक पहुंचाया जा सके।

ज्ञापन में सैन्यधाम परियोजना की बढ़ती लागत, निर्माण में हो रहे विलंब, संशोधित डीपीआर, टेंडर प्रक्रिया, अतिरिक्त कार्यों, भुगतान और वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री गणेश जोशी द्वारा सैन्यधाम को लेकर दिए गए कथित “चुनावी लाभ” संबंधी बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शहीदों के सम्मान और उनकी स्मृति से जुड़े इस पवित्र स्थल को राजनीतिक अथवा चुनावी लाभ-हानि से जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है।

पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने कहा कि सैन्यधाम शहीद सैनिकों की शहादत और उनके परिवारों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार अथवा वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि सैन्यधाम के निर्माण को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और राज्य सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। कर्नल नेगी ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि परियोजना से जुड़े विवादों और आरोपों पर स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सुजाता पॉल ने कहा कि शहीदों के नाम पर बनने वाले स्मारक को भ्रष्टाचार और चुनावी राजनीति का केंद्र नहीं बनने दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि सैन्यधाम की गरिमा और शहीदों के सम्मान की रक्षा करना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक उठाएगी और गंभीर सवालों पर जवाबदेही तय होने तक संघर्ष जारी रखेगी।

ज्ञापन सौंपने के बाद प्रतिनिधिमंडल शौर्यस्थल पहुंचा, जहां सदस्यों ने शहीदों की स्मृति में कुछ समय ध्यान लगाया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सभी ने सैन्यधाम को कथित भ्रष्टाचार से मुक्त कराने, उसकी गरिमा बनाए रखने और शहीदों के सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

पूर्व सैनिक विभाग, उत्तराखंड कांग्रेस ने घोषणा की कि जल्द ही सैन्यधाम पर धरना दिया जाएगा। कांग्रेस के अनुसार यह धरना सैन्यधाम में कथित भ्रष्टाचार एवं वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा मंत्री गणेश जोशी के शहीदों से जुड़े बयान के विरोध में आयोजित किया जाएगा। धरने की तिथि और विस्तृत कार्यक्रम जल्द घोषित किए जाने की बात कही गई है।

इस अवसर पर कर्नल राम रतन नेगी, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सुजाता पॉल, हवलदार बलबीर सिंह, कैप्टन शोभन सिंह सजवाण, एमडब्ल्यूओ विजय गोस्वामी और प्रदेश प्रवक्ता पंकज सिंह क्षेत्री सहित पूर्व सैनिक विभाग एवं कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।