Uttrakhand

हमारा उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना: महाराज

बीरोंखाल (पौड़ी गढ़वाल)। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के तीसरे दिन मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल के ब्लॉक सभागार में श्रम विभाग द्वारा आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। शिविर में क्षेत्रीय जनता के साथ बड़ी संख्या में श्रमिकों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर सतपाल महाराज ने श्रमिक भाई-बहनों और स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के निर्माण और विकास में श्रमिकों की भूमिका सर्वोपरि है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण, भवन निर्माण और अन्य श्रमसाध्य कार्य श्रमिकों के अथक परिश्रम के बिना संभव नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की नींव हैं और सरकार उनके सम्मान, सुरक्षा तथा कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति मिल रही है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि श्रम विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जा रहे शिविर इसी प्रतिबद्धता का उदाहरण हैं, जहां श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने और उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

सतपाल महाराज ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक श्रमिक को पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल एवं स्थानीय भाषा में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र श्रमिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक समयबद्ध रूप से पहुंचना चाहिए। इनमें पुत्री विवाह अनुदान, पुत्र-पुत्री की शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता तथा दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं शामिल हैं।

महाराज ने श्रमिकों से आह्वान किया कि वे ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने श्रम कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

उन्होंने कहा, “आपका श्रम ही हमारे प्रदेश की प्रगति की आधारशिला है। आपकी खुशहाली और समृद्धि के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।”

इस अवसर पर सतपाल महाराज ने लघु सिंचाई विभाग द्वारा जिला योजना के अंतर्गत 4 लाख रुपये की लागत से बडियान में मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास कार्य का शिलान्यास भी किया।

इसके साथ ही उन्होंने भाजपा संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम में एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ सुदर्शन वडोला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, मंडल अध्यक्ष ओमपाल, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य प्रेम सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिगोड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष यशपाल गोरला, बीकेटीसी सदस्य नीलमपुरी, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलम रावत, युवा मोर्चा अध्यक्ष नागेंद्र, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष चनीलाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरिता, सूबेदार मनवर सिंह, संग्राम सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।