Uttrakhand

मंच शुद्धिकरण मामले में भाजपा-कांग्रेस पर बरसीं आप प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया

देहरादून। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष उमा गौड़ सिसोदिया ने मंच शुद्धिकरण के मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रही है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस इन सवालों पर जवाब देने के बजाय गैरजरूरी विवादों को हवा देकर राजनीति कर रही हैं।

 

Aam Aadmi Party Uttarakhand (@AAPUttarakhand) • Facebook

उमा गौड़ सिसोदिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंच शुद्धिकरण जैसे मुद्दों को राजनीतिक रंग देकर दोनों प्रमुख दल जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस को प्रदेश की जनता को यह बताना चाहिए कि युवाओं को रोजगार कब मिलेगा, पहाड़ों से पलायन कब रुकेगा, सरकारी अस्पतालों और स्कूलों की स्थिति कब सुधरेगी तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी।

आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब भावनात्मक और विवादित मुद्दों की राजनीति से आगे बढ़ चुकी है। जनता अपने परिवार और प्रदेश के भविष्य से जुड़े सवालों पर ठोस जवाब चाहती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा और कांग्रेस के पास जनहित से जुड़े सवालों का जवाब नहीं होता तो वे ऐसे मुद्दों को उछालकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करती हैं।

उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के वास्तविक मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। पार्टी का उद्देश्य प्रदेश की राजनीति को आरोप-प्रत्यारोप और दिखावे की राजनीति से निकालकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली, पानी, सड़क, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित करना है।

उन्होंने भाजपा और कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि यदि दोनों दल वास्तव में उत्तराखंड की जनता के हितैषी हैं तो उन्हें मंच शुद्धिकरण जैसे विवादों में उलझने के बजाय जनता के बीच जाकर अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी प्रदेश के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाएगी और जनता को गुमराह करने वाली राजनीति के खिलाफ लगातार संघर्ष करेगी।

उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब मुद्दों की राजनीति चाहती है, न कि मुद्दों से ध्यान भटकाने वाली राजनीति।