CRIME NEWSDEHRADUNSSP Dehradun

त्योहारी सीजन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, SSP दून के सख्त तेवर; बाजारों में बढ़ेगी पुलिस गश्त

धनतेरस-दीपावली से पहले सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट मोड पर, ज्वैलरी शॉप्स-बैंकों की जांच और अतिक्रमण हटाने के निर्देश; लंबित अपराधों व साइबर शिकायतों पर भी SSP सख्त

देहरादून, 14 अक्टूबर। त्योहारी सीजन और आगामी वीआईपी कार्यक्रमों के मद्देनजर देहरादून पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने मासिक अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण की समीक्षा करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण कोई घटना होती है तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक देर रात तक चली। इसमें जनपद के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक, अग्निशमन अधिकारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। बैठक में नवरात्र, आगामी धनतेरस-दीपावली, शहीद दिवस और राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रस्तावित परेड एवं वीआईपी-वीवीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी

SSP ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्व निर्धारित चेकिंग प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को कहा गया, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और अराजक तत्वों पर नजर रखी जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण के लिए नियमित चेकिंग और प्रभावी गश्त सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

ज्वैलरी शॉप्स, बैंक और एटीएम की होगी जांच

धनतेरस और दीपावली के दौरान सोने-चांदी की खरीदारी बढ़ने की संभावना को देखते हुए सर्राफा बाजारों, ज्वैलरी शॉप्स, बैंकों, एटीएम बूथों और गोल्ड लोन व फाइनेंस कार्यालयों की सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस इन प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता की जांच करेगी। बिना सुरक्षा गार्ड या सीसीटीवी के संचालित एटीएम बूथों और प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर संबंधित प्रबंधकों को नोटिस देने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्रवाई का रिकॉर्ड थानों में रखा जाएगा और क्षेत्राधिकारी नियमित रूप से इसकी समीक्षा करेंगे।

पलटन बाजार सहित प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वर्दी और सादे कपड़ों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।

सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई

त्योहारी खरीदारी के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए SSP ने मुख्य मार्गों, व्यस्त चौराहों और बाजारों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पीक आवर्स में क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी स्वयं व्यस्त मार्गों पर मौजूद रहकर यातायात का संचालन सुनिश्चित करेंगे।

सड़क किनारे, दुकानों के बाहर और फुटपाथों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया है। साथ ही अग्निशमन विभाग को भीड़भाड़ वाले बाजारों को संवेदनशील स्थानों के रूप में चिह्नित कर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस का जोर इस बात पर है कि बाजारों में आपात स्थिति के दौरान एंबुलेंस, दमकल और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।

जमानत पर बाहर अभियुक्तों का होगा भौतिक सत्यापन

अपराध समीक्षा के दौरान SSP ने लंबित मामलों के अनावरण में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली और विवेचकों व थाना प्रभारियों को मामलों का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पूर्व में आपराधिक घटनाओं में सामने आए और जमानत पर बाहर चल रहे अभियुक्तों पर सतर्क निगरानी रखने तथा उनका नियमित भौतिक सत्यापन करने को कहा। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाकर आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश भी दिए गए।

साइबर अपराधों में देरी पर अधिकारियों को फटकार

बैठक में सीसीटीएनएस पोर्टलों पर दर्ज सूचनाओं को समय से अपडेट नहीं करने पर संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। SSP ने सभी आवश्यक सूचनाओं को नियमित रूप से अद्यतन करने और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साइबर शिकायतों, ई-जीरो एफआईआर और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई। अधिकारियों को साइबर शिकायतों का शीघ्र कानूनी निस्तारण करने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया गया कि अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वीआईपी कार्यक्रमों को लेकर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शहीद दिवस और राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में विशिष्ट एवं अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन को देखते हुए संदिग्धों की तलाश के लिए चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखने और भ्रामक सूचनाओं के जरिए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक के अंत में SSP ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाने को कहा।