देहरादून पहुंची राष्ट्रपति मुर्मु, जनसंपर्क और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में होंगी शामिल
देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 जून से देहरादून के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। यह उनका उत्तराखंड का दूसरा दौरा होगा। वे 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
20 जून को राष्ट्रपति मुर्मु 132 एकड़ भूमि पर बनने वाले सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखेंगी। यह पार्क एक वर्ष में तैयार हो जाएगा और जनता के लिए खुला रहेगा। इसके साथ ही, वे 24 एकड़ में फैले राष्ट्रपति निकेतन का भी उद्घाटन करेंगी, जिसे पहले राष्ट्रपति आशियाना के नाम से जाना जाता था। 24 जून से यह आम जनता के लिए खुला रहेगा, जहां लोग हेरिटेज भवन, कलाकृतियां, बगीचे और चिंतन स्थलों का आनंद ले सकेंगे
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम, पुलिस ने की फ्लीट रिहर्सल
राष्ट्रपति के आगमन से पहले जॉलीग्रांट से राष्ट्रपति निकेतन तक फुल ड्रेस फ्लीट रिहर्सल की गई। इस दौरान ट्रैफिक डायवर्जन किया गया और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी समीक्षा की गई। आईटीबीपी जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाएं होंगी प्रभावित, डॉक्टर वीआईपी ड्यूटी में व्यस्त
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान दून और कोरोनेशन अस्पताल के कई वरिष्ठ चिकित्सकों को ड्यूटी पर लगाया गया है, जिससे ओपीडी और आईपीडी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
अधिकारियों ने बताया कि तीन दिन तक ओपीडी में रोजाना आने वाले तीन हजार से अधिक मरीजों को समस्या हो सकती है। आईसीयू के बेड भी आरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि वेंटिलेटरों की स्थिति पहले से ही खराब है।
शहर को सजाने में जुटा प्रशासन
राजपुर रोड समेत राष्ट्रपति के भ्रमण मार्गों पर दीवारों को सजाया जा रहा है, डिवाइडर्स की पेंटिंग हो रही है, और शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि मेहमान नवाजी में कोई कमी न रह जाए।
इससे पहले 7-9 नवंबर 2023 को राष्ट्रपति मुर्मु उत्तराखंड के दौरे पर थीं। उन्होंने पंतनगर, श्रीनगर गढ़वाल और देहरादून में विभिन्न विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोहों में भाग लिया था। 9 नवंबर को वे उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं।
तीन दिनों के लिए ट्रैफिक प्लान में भारी बदलाव
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए 19, 20 और 21 जून के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है।
।
