Fire Station Dehradun

फायर स्टेशन देहरादून में ‘जम्पिंग कुशन’ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

फायर स्टेशन देहरादून में ‘जम्पिंग कुशन’ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
बहु-मंजिला भवनों में बचाव कार्यों के लिए उत्तराखण्ड में पहली बार उपकरण की खरीद

देहरादून, 03 दिसम्बर 2025।
फायर स्टेशन देहरादून में आज जम्पिंग कुशन का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तराखण्ड में पहली बार इस आधुनिक सुरक्षा उपकरण की खरीद की गई है, जिसका उपयोग आगजनी या किसी भी आपात स्थिति में बहुमंजिला भवनों से फँसे व्यक्तियों को सुरक्षित रूप से नीचे उतारने के लिए किया जाएगा। उपकरण के संचालन में विशेषज्ञता आवश्यक होने के कारण यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षकों द्वारा तकनीकी एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण

आपूर्तिकर्ता फर्म मैसर्स बृजबासी फायर सेफ्टी सिस्टम, मुम्बई की ओर से आए प्रशिक्षक श्री विश्व प्रकाश एवं श्री पंकज ने उत्तराखण्ड अग्निशमन एवं आपात सेवा के फायर कर्मियों को जम्पिंग कुशन के संचालन, उसकी सही तैनाती, हवा भरने की प्रक्रिया, सुरक्षा चेक एवं वास्तविक परिस्थितियों में जम्पिंग तकनीक की विस्तृत जानकारी दी।
फायर कर्मियों को एंगल, दूरी, ऊँचाई और आवश्यक सुरक्षा मानकों का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

डेमो के दौरान डमी को 25 मीटर ऊँचाई से गिराकर उपकरण का परीक्षण किया गया, जिसमें जम्पिंग कुशन ने सफलतापूर्वक प्रतिक्रिया दी। लगभग 2.4 मीटर ऊँचे और 4.6 मीटर व्यास वाले इस उपकरण ने परीक्षण के दौरान पर्याप्त ऊर्जा अवशोषण क्षमता का प्रदर्शन किया।

42 फायर कर्मियों ने प्रतिभाग किया

राज्य के 13 जनपदों से आए 42 फायर कर्मियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान फायर कर्मियों ने उपकरण से संबंधित विविध प्रश्न एवं तकनीकी जिज्ञासाएँ साझा कीं, जिनका समाधान प्रशिक्षकों द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया।

आईजी मुख्तार मोहसिन ने बताया—यह उपकरण जीवन रक्षक

पुलिस महानिरीक्षक, उत्तराखण्ड अग्निशमन एवं आपात सेवा, श्री मुख्तार मोहसिन ने बताया कि यह जम्पिंग कुशन विशेष रूप से बहुमंजिला भवनों से लोगों को सुरक्षित रूप से नीचे लाने के लिए डिजाइन किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसकी संरचना, वायु दाब और ऊर्जा अवशोषण क्षमता ऊँचाई से गिरने वाले व्यक्ति को गंभीर चोट या मृत्यु के जोखिम से बचाती है। यह उपकरण आपदा स्थितियों में अत्यंत प्रभावी जीवन-रक्षक सिद्ध हो सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रशिक्षण फायर फाइटरों की कार्यकुशलता, आत्म-सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन तथा आधुनिक आपात उपकरणों के उपयोग में उनकी दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति

इस अवसर पर—

श्री मुख्तार मोहसिन, पुलिस महानिरीक्षक, उत्तराखण्ड अग्निशमन एवं आपात सेवा

श्री संदीप कुमार राणा, उपनिदेशक (तकनीकी)

श्री अभिनव त्यागी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, देहरादून

श्री किशोर उपाध्याय, अग्निशमन अधिकारी
फायर स्टेशन स्टाफ सहित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *