थाना राजपुर क्षेत्र में संदिग्ध मौत का मामला, हत्या का मुकदमा दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार
देहरादून, 17 दिसम्बर 2025।
दिनांक 16.12.2025 की प्रातः थाना राजपुर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि दून विहार क्षेत्र स्थित एक मकान में किराये पर रहने वाला व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर थाना राजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां मकान के पीछे वाले कमरे में बेड के पास फर्श पर पंकज मिश्रा अचेत अवस्था में पाए गए। उन्हें एम्बुलेंस से दून चिकित्सालय भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आवश्यक कानूनी कार्यवाही करते हुए पंचायतनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
इसी दिन रात्रि में मृतक के भाई, लखनऊ निवासी श्री अरविन्द मिश्रा एवं अन्य परिजन देहरादून पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि दिनांक 15.12.2025 को अभियुक्तगण मृतक के घर पहुंचे, गाली-गलौच की, मृतक व उसकी पत्नी के मोबाइल फोन छीने तथा जान से मारने की नीयत से मारपीट की, जिसके परिणामस्वरूप पंकज मिश्रा की मृत्यु हुई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर में मु0अ0सं0 234/25 धारा 103, 304, 333 एवं 352 बीएनएस के अंतर्गत अमित सहगल व अन्य के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया। मृतक के परिजनों के लिखित अनुरोध पर शव का पुनः डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया।
प्रारम्भिक विवेचना में वादी, मृतक की पत्नी, मकान मालिक एवं आसपास के गवाहों के बयान दर्ज किए गए। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए। प्राप्त साक्ष्यों एवं बयानों के आधार पर आज दिनांक 17.12.2025 को लम्बी पूछताछ के बाद दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
-
अमित सहगल पुत्र स्व. श्री अशोक सहगल, निवासी विजयपुर गोपीवाला, अनारवाला, थाना कैंट, जनपद देहरादून, उम्र 51 वर्ष।
-
पार्थोशील पुत्र श्री मनिंद्रनाथ सील, निवासी मकान संख्या-11, पांच बावड़ी, गोरेगांव ईस्ट, मुंबई-400063, उम्र 45 वर्ष।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत एवं गहन विवेचना के लिए साइबर सेल, एसओजी एवं फोरेंसिक टीम को भी लगाया गया है। सभी पहलुओं पर साक्ष्य एकत्र कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जा रही है।

