Uttrakhand

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: क्वांसी से ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान का शुभारंभ

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: क्वांसी से ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान का शुभारंभ

मुख्यमंत्री के संकल्प का ग्राउंड एक्शन, दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगी हर योजना

देहरादून, 17 दिसम्बर 2025 
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार— प्रशासन गांव की ओर अभियान का बुधवार को सूदूरवर्ती न्याय पंचायत क्वांसी से शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत आगामी 45 दिनों तक जनपद की सभी न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित किया जाएगा।

विकासखंड चकराता के ग्राम क्वांसी स्थित इंटर कॉलेज प्रांगण में आयोजित प्रथम बहुउद्देशीय शिविर में मा० जनजातीय मंत्री श्रीमती गीता राम गौढ़ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिलाधिकारी श्री सविन बंसल ने अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कुल 109 शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि मा० मुख्यमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचे। किसी भी नागरिक को बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। शिविर में 658 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा विभिन्न प्रमाण पत्र मौके पर ही निर्गत किए गए। डीएम ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की।

संवेदनशील प्रशासन की मिसाल
शिविर में पहुंची 90 वर्षीय दिव्यांग महिला रामू देवी की आधार कार्ड एवं पेंशन से जुड़ी समस्या पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि बुजुर्ग महिला के लिए आवागमन की व्यवस्था कर आधार कार्ड बनवाया जाए तथा दिव्यांग पेंशन तत्काल स्वीकृत की जाए।

किसानों को राहत
ग्राम पंचायत कांडी में लोनिवि सड़क के मलबे से बाधित सिंचाई नहर की शिकायत पर डीएम ने 15 दिनों के भीतर मलबा हटाकर नहर को सुचारु करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सैनांड निवासी कुंवर सिंह की शिकायत पर सिंचाई विभाग को खेत से मलबा हटाने के आदेश दिए गए।

पीड़ित को त्वरित न्याय
राजौड़ निवासी जीत सिंह नेगी ने वर्ष 1999 की सड़क दुर्घटना के बाद उपचार हेतु आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया कि पीड़ित को जिला चिकित्सालय में भर्ती कर निःशुल्क इलाज एवं जांच की सुविधा प्रदान की जाए।

वित्तीय अनियमितता पर सख्ती
ग्राम भटाड़ के ग्रामीणों द्वारा बिना नहर निर्माण के लाखों रुपये के भुगतान की शिकायत को गंभीर मानते हुए डीएम ने एसडीएम चकराता एवं ईई लोनिवि की संयुक्त टीम गठित कर 31 दिसम्बर तक जांच रिपोर्ट तलब की।

14 वर्षों पुरानी मांग को मिली मंजूरी
असालड़, अठगांव खत एवं बिसलाड़ खत क्षेत्र को जोड़ने वाली पैदल पुलिया की लंबे समय से लंबित मांग पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही पुलिया निर्माण की स्वीकृति देते हुए लोनिवि को वित्तीय वर्ष 2026-27 के जिला प्लान में प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जनकल्याण शिविर के ठोस परिणाम
शिविर में आयुर्वेदिक, यूनानी, एलोपैथिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा के माध्यम से सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

  • 06 दिव्यांग प्रमाण पत्र, 12 आयुष्मान कार्ड, 06 यूडीआईडी कार्ड निर्गत

  • 50 बुजुर्गों को 250 सहायक उपकरण वितरित

  • 80% अनुदान पर किसानों को पावर वीडर

  • कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, समाज कल्याण, राजस्व, पंचायती राज, आपूर्ति, डेयरी, विद्युत, सैनिक कल्याण सहित विभिन्न विभागों द्वारा सैकड़ों लाभार्थी लाभान्वित

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं से जुड़ी समस्याएं प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता हैं। “मा० मुख्यमंत्री का विजन और जनता का विश्वास सर्वोपरि है—हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा दायित्व है।”

शिविर में मा० जनजातीय मंत्री श्रीमती गीता राम गौढ़, जिला अध्यक्ष श्रीमती मीता सिंह, उपाध्यक्ष श्री अमर सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह, प्रधान संगठन अध्यक्ष श्री आनंद सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव शाह, एसडीएम श्री प्रेम लाल, एसीएमओ डॉ. दिनेश चौहान, परियोजना निदेशक श्री विक्रम सिंह, डीपीओ श्री जितेन्द्र कुमार, समाज कल्याण अधिकारी श्री दीपांकर घिल्डियाल, डीएसओ श्री के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *