Sports Ministry

23 दिसंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 : रेखा आर्या

23 दिसंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 : रेखा आर्या
चार चरणों में होंगी स्पर्धाएं, 26 खेलों का आयोजन, विजेता को मिलेंगे 5 लाख रुपये
देहरादून, 18 दिसंबर।
प्रदेश में खेलों को नई दिशा देने के उद्देश्य से इस वर्ष खेल महाकुंभ का आयोजन नए प्रारूप में मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 के नाम से किया जा रहा है। प्रतियोगिता की शुरुआत 23 दिसंबर से होगी। यह जानकारी गुरुवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

 

 

खेल मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तरीय—कुल चार चरणों में किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान 26 खेल स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिनमें इस बार पारंपरिक खेलों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप का समापन 28 जनवरी को होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के साथ-साथ विजेता टीम को ₹5 लाख की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। विजेता का चयन खिलाड़ियों द्वारा अर्जित पदकों के आधार पर निर्धारित अंकों के योग से किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त
  • सांसदीय क्षेत्र ट्रॉफी जीतने वाली टीम को ₹2 लाख,
  • विधानसभा ट्रॉफी जीतने वाली टीम को ₹1 लाख की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने यह भी घोषणा की कि यदि कोई खिलाड़ी प्रतियोगिता के दौरान राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ता है, तो उसे ₹1 लाख की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि चैंपियनशिप के लिए पंजीकरण 14 अक्टूबर से प्रारंभ किए गए थे और अब तक 1 लाख 10 हजार से अधिक खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 22 दिसंबर निर्धारित की गई है।
दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग प्रतियोगिता
खेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी की स्पर्धाएं अलग से आयोजित की जाएंगी। इस श्रेणी के लिए भी पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
खिलाड़ियों की सुविधाओं पर विशेष जोर
प्रेस वार्ता से पूर्व खेल मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय स्थित एनआईसी कक्ष में सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि
  • कोई भी खिलाड़ी जूते या ट्रैकसूट के बिना प्रतियोगिता में प्रतिभाग न करे,
  • सर्दी से बचाव हेतु पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं,
  • प्रत्येक खेल स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात रहे,
  • आवश्यकता पड़ने पर खिलाड़ियों के रात्रि ठहराव एवं भोजन की उचित व्यवस्था की जाए।
खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को मंच प्रदान करना और उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *