Agriculture Minister Ganesh JoshiUttrakhand

नाबार्ड वित्त पोषित पॉलीहाउस स्थापना की कृषि मंत्री ने की समीक्षा

नाबार्ड वित्त पोषित पॉलीहाउस स्थापना की कृषि मंत्री ने की समीक्षा
देहरादून में जल्द होगा माल्टा महोत्सव, माली भर्ती की तिथि बढ़ी
देहरादून, 18 दिसम्बर।
प्रदेश के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री गणेश जोशी ने आज सर्किट हाउस देहरादून स्थित औद्यानिक परिषद के सभागार में नाबार्ड द्वारा वित्त पोषित पॉलीहाउस स्थापना को लेकर विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश के समस्त जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, जिला मुख्य उद्यान अधिकारी एवं जिला कृषि अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

 

बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने सभी जनपदों में पॉलीहाउस निर्माण की प्रगति की गहन समीक्षा की। पॉलीहाउस स्थापना की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंत्री जोशी ने सभी जिलों में क्लस्टर चयन, किसानों का चयन तथा कम से कम दो फसलों—सब्जी एवं फूलों—के बड़े क्लस्टर विकसित करते हुए लक्ष्य निर्धारित कर शीघ्र पॉलीहाउस स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने जायका परियोजना, कीवी मिशन, एप्पल मिशन एवं ड्रैगन फ्रूट के लिए ठोस एक्शन प्लान तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमएफएमई स्टोर की स्थापना, वेस्ट फूड से फूड व वाइन के क्षेत्र में कार्य करने तथा अधिक से अधिक फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित करने पर भी विशेष बल दिया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने तराई क्षेत्रों में सिंघाड़ा एवं मखाना की खेती को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ करने तथा जनपद उत्तरकाशी के आराकोट में निर्माणाधीन कोल्ड स्टोरेज का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की कृषि एवं उद्यानिकी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ धरातल पर किसानों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। कृषि मंत्री ने बैठक के दौरान यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही देहरादून में पहली बार माल्टा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि एप्पल मिशन के अंतर्गत वर्ष 2021-22 एवं 2022-23 की किसानों की लंबित सब्सिडी की लगभग ₹5.50 करोड़ की धनराशि का भुगतान कर दिया गया है तथा इसका जियो टैगिंग कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
इसके साथ ही बताया गया कि माली भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है और इच्छुक अभ्यर्थी प्रयाग पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
इस अवसर पर सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, महानिदेशक कृषि वंदना सिंह सहित समस्त जनपदों के अधिकारीगण वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *