“अटल स्मृति वर्ष”

भाजपा ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी को “अटल स्मृति वर्ष” के रूप में मनाएगी

भाजपा ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी को “अटल स्मृति वर्ष” के रूप में मनाएगी
प्रदेश स्तरीय समिति गठित, विधानसभा से बूथ स्तर तक होंगे विविध आयोजन

 

देहरादून, 18 दिसम्बर।
भारतीय जनता पार्टी, ‘भारत रत्न’ एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष को प्रदेशभर में “अटल स्मृति वर्ष” के रूप में व्यापक स्तर पर मनाएगी। इसके अंतर्गत विधानसभा स्तर पर अटल स्मृति सम्मेलन, प्रतिमा स्थलों पर स्वच्छता अभियान एवं दीप प्रज्वलन, अटल जी के कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी, कवि सम्मेलन तथा विभिन्न प्रतियोगात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु प्रदेश महामंत्री श्री तरुण बंसल के संयोजन में 6 सदस्यीय प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

 

इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह वर्ष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी का ऐतिहासिक अवसर है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने 21वीं सदी की ओर निर्णायक कदम बढ़ाए। पोखरण-द्वितीय परमाणु परीक्षण, कारगिल युद्ध के दौरान सशक्त नेतृत्व और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसे निर्णय उनकी सुशासन की विरासत के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 25 दिसंबर को सुशासन का अटल दिवस बताते हुए अटल जी को भारतीय राजनीति की आदर्श विभूति के रूप में स्मरण किया है।

 

प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार द्वारा जारी कार्यक्रम विवरण में बताया गया कि इस अभियान का उद्देश्य अटल जी की राजनीतिक यात्रा, सुशासन और राष्ट्र-प्रथम मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए संगठन को मजबूत करना तथा युवाओं और नागरिकों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है। अभियान के क्रियान्वयन में मंत्री, विधायक, मोर्चा पदाधिकारी एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधि सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर चौहान ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रसाद नड्डा एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट के निर्देशानुसार राज्य में अटल जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गठित प्रदेश समिति में
  • प्रदेश संयोजक: श्री तरुण बंसल
  • सह-संयोजक: श्री नलिन भट्ट, श्रीमती दीपिका वोहरा, श्री नवीन ठाकुर, श्री भारत भूषण चुग एवं श्री संदीप गोयल
    शामिल हैं।
अभियान की विस्तृत रूपरेखा के अनुसार—
  • 24 दिसंबर को अटल जी की सभी प्रतिमाओं एवं स्मारकों की सफाई एवं रखरखाव,
  • उसी दिन सायं जिला भाजपा कार्यालयों में दीपोत्सव,
  • 25 से 31 दिसंबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में अटल स्मृति सम्मेलन,
  • पार्टी कार्यालयों, स्थानीय निकाय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सात दिवसीय अटल स्मृति प्रदर्शनी,
  • नगर निगमों एवं नीति अनुसंधान संस्थानों में सुशासन सम्मेलन,
  • जिला व प्रमुख नगरों में कवि सम्मेलन, चित्रकला, ग्राफिक्स व रील प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, रंगोली, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि “अटल स्मृति वर्ष” के माध्यम से अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जनमानस तक पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *