BJP UTTRAKHANDमेरा गांव’ अभियान

भाजपा शुरू करेगी ‘मेरी गणना, मेरा गांव’ अभियान : महेंद्र भट्ट

भाजपा शुरू करेगी ‘मेरी गणना, मेरा गांव’ अभियान : महेंद्र भट्ट

जनमानस के पटल से नहीं मिटेगी कांग्रेस की तुष्टिकरण की छवि : भट्ट

देहरादून, 20 दिसंबर।
भाजपा राज्य के पर्वतीय स्वरूप को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शीघ्र ही ‘मेरी गणना, मेरा गांव’ अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत न केवल अन्य राज्यों बल्कि विदेशों में रह रहे उत्तराखंड के प्रवासियों से भी अपने मूल गांव में जनगणना दर्ज कराने का अनुरोध किया जाएगा। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान कही।

महेंद्र भट्ट ने आगामी जनगणना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि राज्य का कोई भी व्यक्ति, चाहे वह देश के किसी भी हिस्से या विदेश में क्यों न रह रहा हो, अपनी गणना अपने मूल गांव में कराए। उन्होंने कहा कि पिछली जनगणना के बाद हुए परिसीमन में पर्वतीय क्षेत्रों में विधानसभा सीटों की संख्या घटने जैसा दुखद परिणाम सामने आया, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों को नुकसान हुआ। इसी को देखते हुए राज्य के पर्वतीय स्वरूप को बनाए रखने के लिए यह अभियान शुरू किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा इसके लिए एक विशेष टीम गठित करेगी, जो देश-विदेश में रह रहे उत्तराखंड के लोगों से संपर्क कर उन्हें अपनी गणना गांव में कराने के लिए प्रेरित करेगी। भट्ट ने अपील करते हुए कहा कि वोट कहीं भी हो सकता है, लेकिन जनगणना अपने गांव में कराना राज्यहित में आवश्यक है, ताकि पहाड़ी क्षेत्रों में विधानसभा सीटों की संख्या आवश्यकता और व्यवहारिकता के अनुरूप बनी रहे।

प्रदेशाध्यक्ष ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की छवि जनता के मानस पटल पर इस कदर अंकित हो चुकी है कि वह कभी मिट नहीं सकती। उन्होंने कहा कि असली प्रमाणपत्र जनता चुनाव के माध्यम से देती है और भाजपा को किसी से प्रमाणपत्र लेने की आवश्यकता नहीं है। जनता भली-भांति जानती है कि कौन राम के मार्ग पर है और कौन रावण के।

कांग्रेस द्वारा हिंदू-मुस्लिम राजनीति के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा की सरकारें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम करती हैं। तुष्टिकरण की राजनीति कांग्रेस और विपक्ष का पुराना एजेंडा रहा है, जिसे जनता बार-बार नकार चुकी है।

दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से हुई मुलाकात पर जानकारी देते हुए भट्ट ने बताया कि प्रदेश कार्यकर्ताओं की ओर से नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई दी गई और उनसे शीघ्र उत्तराखंड आने का अनुरोध किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेतृत्व मेहनत और योग्यता के आधार पर चुना जाता है, न कि किसी परिवार से। युवा राष्ट्रीय नेतृत्व के चयन से देशभर के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है, जो संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *