गंगा की पवित्रता को बचाना सबकी जिम्मेदारी : रेखा आर्या
गंगा की पवित्रता को बचाना सबकी जिम्मेदारी : रेखा आर्या
द मोंटेसरी स्कूल के 83वें वार्षिकोत्सव का कैबिनेट मंत्री ने किया उद्घाटन
देहरादून, 20 दिसंबर।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि माँ गंगा की पवित्रता को बनाए रखना देश के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और युवाओं को विकास के साथ-साथ पर्यावरण एवं नदियों के संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। वह शनिवार को द मोंटेसरी स्कूल के 83वें वार्षिकोत्सव के उद्घाटन अवसर पर संस्कृति विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं।



विद्यालय के छात्रों ने नृत्य-नाटिका एवं ऑडियो-विजुअल स्टोरी टेलिंग के माध्यम से गंगा के पृथ्वी पर अवतरण की कथा, भारतीय जीवन मूल्यों में गंगा की महत्ता तथा औद्योगीकरण के कारण गंगा के प्रदूषण की सजीव झांकियाँ प्रस्तुत कीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि बच्चों ने जिस सुंदर और प्रभावशाली ढंग से गंगा की पूरी यात्रा को मंच पर प्रस्तुत किया, वह न केवल मन को मोहने वाला था, बल्कि हम सभी के लिए कई महत्वपूर्ण संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, आस्था और जीवनशैली की प्रतीक है।
रेखा आर्या ने कहा कि बच्चों को अपनी परंपरा, समाज, पर्यावरण और इतिहास से जोड़ने का यह एक सराहनीय प्रयास है, क्योंकि संस्कार रहित शिक्षा का कोई अर्थ नहीं होता। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन विजय खन्ना, निदेशक समर्थ खन्ना, दून विश्वविद्यालय की कुलपति सुरेखा डंगवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सुरेंद्र मित्तल, विनोद कपणवान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
