DEHRADUN

लोकहित में जिला प्रशासन का बड़ा फैसला संडे बाजार शहर से बाहर शिफ्ट, आदेश जारी

**लोकहित में जिला प्रशासन का बड़ा फैसला

संडे बाजार शहर से बाहर शिफ्ट, आदेश जारी**

देहरादून, 26 दिसंबर 2025
जनहित एवं शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए लैंसडाउन चौक के समीप रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाले रविवार साप्ताहिक बाजार को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के आदेश जारी किए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर अब यह संडे बाजार आईएसबीटी देहरादून के समीप उत्तराखंड मेट्रो रेल शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम लिमिटेड की भूमि पर लगाया जाएगा।


रेंजर्स ग्राउंड में प्रत्येक रविवार लगने वाले बाजार के कारण लैंसडाउन चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। अव्यवस्थित पार्किंग और अत्यधिक भीड़ के चलते आम नागरिकों के साथ-साथ दून मेडिकल कॉलेज, दून चिकित्सालय जाने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा एम्बुलेंस जैसी आकस्मिक सेवाओं को गंभीर बाधाओं का सामना करना पड़ रहा था।

रेंजर्स ग्राउंड के आसपास अस्पताल, प्रमुख कार्यालय, तिराहे-चौराहे एवं मुख्य मार्ग स्थित होने के कारण यातायात अवरोध का सीधा प्रभाव बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों पर पड़ रहा था। इन्हीं परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन ने संडे बाजार को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया।

रविवार वीकली बाजार कल्याण समिति द्वारा भी बाजार को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किए जाने का अनुरोध किया गया था। इस संबंध में आयोजित बैठक में चर्चा के उपरांत जिलाधिकारी ने रेंजर्स ग्राउंड में रविवार साप्ताहिक बाजार के संचालन पर रोक लगाते हुए इसे आईएसबीटी के समीप मेट्रो रेल लिमिटेड की खाली भूमि पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश निर्गत किया गया है। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी, जब तक उक्त भूमि पर मेट्रो परियोजना से संबंधित कोई वास्तविक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *