मुख्यमंत्री के निर्देशों पर ग्राउंड जीरो पर समाधान 110 शिकायतों में से 23 का मौके पर निस्तारण
*प्रशासन गांव की ओर
न्याय पंचायत माजरी ग्रांट में जिला प्रशासन ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं**
**मुख्यमंत्री के निर्देशों पर ग्राउंड जीरो पर समाधान
110 शिकायतों में से 23 का मौके पर निस्तारण**
माजरी ग्रांट बहुउद्देशीय शिविर में 1310 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
देहरादून, 26 दिसंबर 2025
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को डोईवाला ब्लॉक की दूरस्थ न्याय पंचायत माजरी ग्रांट में जिला प्रशासन द्वारा वृहद बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक केंद्र में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा ने की।



शिविर में ग्रामीणों द्वारा कुल 110 शिकायतें/समस्याएं प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 23 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के माध्यम से 1310 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्राथमिकता पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर शिकायतें अनावश्यक रूप से लंबित न रहें। उन्होंने कहा कि मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से आच्छादित करना और जनता की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शिविर में माजरी ग्रांट के साथ-साथ बालकुमारी, लालतप्पड़ पाल बस्ती, मुस्लिम कॉलोनी एवं कालूवाला के ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। प्राप्त शिकायतों में ग्राम्य विकास की 14, राजस्व 15, लोनिवि 17, सिंचाई 14, पंचायती राज 9, वन विभाग 8, उरेडा 5 सहित अन्य विभागों की 28 शिकायतें शामिल रहीं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक में 271, आयुर्वेदिक में 75 एवं होम्योपैथिक में 16 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। पशुपालन विभाग ने 211 काश्तकारों को पशु औषधियां उपलब्ध कराईं। राजस्व विभाग द्वारा आय, हैसियत, चरित्र एवं पीएम किसान से संबंधित 36 प्रमाण पत्र निर्गत किए गए।
कृषि विभाग ने 78 एवं उद्यान विभाग ने 28 किसानों को कृषि यंत्र, बीज व पीएम किसान निधि का लाभ दिया। समाज कल्याण विभाग द्वारा 56 पात्र व्यक्तियों को वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन स्वीकृत की गई। जिला पूर्ति विभाग ने 95 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी कराई। पंचायती राज विभाग द्वारा 35 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
शिविर में बाल विकास (110), एनआरएलएम (82), श्रम विभाग (10), उद्योग (12), एलडीएम (64), डेयरी (25), सहकारिता (7), विद्युत (3), रीप परियोजना (63) लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया, जबकि सेवायोजन विभाग द्वारा 25 युवाओं की करियर काउंसलिंग की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुखेंदर कौर, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला, ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, दर्जाधारी राज्य मंत्री मधु भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
