BJP UTTRAKHANDUttrakhandUttrakhand Bhartiya Janata party

अंकिता हत्याकांड में दलित समाज को बदनाम करने की साजिश कर रही कांग्रेस: खजान दास

देहरादून, 26 दिसंबर।
भाजपा ने कांग्रेस पर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया के अपुष्ट, अमर्यादित और अश्लील कंटेंट के माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड और समूचे दलित समाज को बदनाम करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि न्यायालय द्वारा दोषियों को सजा सुनाए जाने के बावजूद कांग्रेस बार-बार नए-नए नाम उछालकर दिवंगत बेटी की आत्मा को भी अपमानित कर रही है।

https://www.facebook.com/share/v/1HiXpo9K8W/

पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री, राजपुर विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता श्री खजान दास ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिल्ली से इस मुद्दे को उठाना, पूरे प्रकरण को राजनीतिक षड्यंत्र की तरह इस्तेमाल किए जाने की ओर स्पष्ट इशारा करता है।

खजान दास ने कहा कि कांग्रेस सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो-वीडियो और अपुष्ट बयानों को राजनीतिक हथियार बना रही है, जिनका न तो कोई पुख्ता आधार है और न ही कोई मर्यादा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन बयानों की आड़ में अनुसूचित जाति समाज को अपमानित करने का पाप किया जा रहा है।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि वे बिना किसी पुष्टि के अश्लील बयानों को लेकर दिल्ली में बैठकर प्रेस वार्ता कर रहे हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस देवभूमि और दलित समाज को कलंकित करने की साजिश कर रही है। भाजपा ऐसी राजनीति की कड़े शब्दों में निंदा करती है।

उन्होंने आगे कहा कि इस सुनियोजित षड्यंत्र के तहत पिछड़े एवं अनुसूचित वर्ग की आवाज उठाने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता, जिन्होंने अपना पूरा जीवन सामाजिक उत्थान में लगाया है, उन्हें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। यह न केवल अनैतिक है बल्कि दलित समाज के पूरे संघर्ष और सम्मान पर आघात है।

खजान दास ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी और राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी लगातार चुनावी पराजयों से इतनी हताश हो चुकी है कि सस्ती लोकप्रियता के लिए अश्लील सोशल मीडिया कंटेंट को अपना मुख्य एजेंडा बना लिया है। कांग्रेस के जिम्मेदार नेता बिना सबूत और तथ्यों के आरोप लगाकर भाजपा और उसके नेताओं की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसमें सबसे दुर्भाग्यपूर्ण बात दलित समाज से जुड़े नेताओं को निशाना बनाना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे तथाकथित वीडियो को लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और शीघ्र ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। साथ ही इस प्रकार की अश्लील और अमर्यादित पोस्टें सामाजिक गिरावट को दर्शाती हैं, जिस पर समाज को गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

खजान दास ने आशंका जताई कि इसके पीछे सामाजिक विद्वेष फैलाने और उत्तराखंड का माहौल खराब करने की बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए कांग्रेस सामाजिक वैमनस्य की आग से खेल रही है, जिसका नुकसान अंततः उसी को होगा।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि भाजपा एक जिम्मेदार राजनीतिक दल होने के नाते किसी भी कीमत पर दलित समाज का अपमान और प्रदेश का सौहार्द बिगड़ने नहीं देगी।

अंकिता भंडारी हत्याकांड पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों को उम्रकैद की सजा मिल चुकी है, इसके बावजूद कांग्रेस द्वारा निराधार आरोप लगाना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्य दिवंगत बेटी की आत्मा का अपमान हैं। इससे पूर्व भी विपक्ष विभिन्न नामों और राजनीतिक प्रपंचों के जरिए ऐसा प्रयास कर चुका है।

उन्होंने कहा कि धामी सरकार की पारदर्शी जांच, त्वरित कार्रवाई और सशक्त पैरवी के चलते ही इस मामले में ऐतिहासिक फैसला आया। घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी, एसआईटी गठन जैसी कार्रवाई की गई। एसआईटी ने आम जनता से साक्ष्य प्रस्तुत करने का आह्वान किया, लेकिन आज तक आरोप लगाने वाले कोई भी व्यक्ति कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। केवल वीआईपी-वीआईपी का राग अलाप कर जनता को भ्रमित किया जा रहा है।

खजान दास ने कहा कि सरकार की कार्रवाई और न्यायालय के निर्णय से जनता का विश्वास मजबूत हुआ है और इससे प्रदेश की बेटियों को संबल मिला है।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान, सह मीडिया प्रभारी श्री राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता श्री मथुरा दत्त जोशी तथा श्रीमती कमलेश रमन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *