DM DEHRADUNtransportation

जनसुविधा और हरित परिवहन का संगम: देहरादून में सखी कैब बेड़े में जल्द शामिल होंगी आधुनिक मिनी ईवी बसें

जनसुविधा और हरित परिवहन का संगम: देहरादून में सखी कैब बेड़े में जल्द शामिल होंगी आधुनिक मिनी ईवी बसें
सुव्यवस्थित पार्किंग और निःशुल्क शटल सेवा—जिला प्रशासन की दोहरी सौगात

देहरादून, 28 दिसंबर 2025
माननीय मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में देहरादून जिला प्रशासन द्वारा शहर में स्मार्ट, हरित और सुगम परिवहन व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। परेड ग्राउंड एवं तिब्बती मार्केट स्थित ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग से जुड़ी आधुनिक ईवी मिनी बस शटल सेवा को शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिसकी सभी तैयारियाँ युद्धस्तर पर चल रही हैं।

इस योजना के अंतर्गत 13 सीटर अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक मिनी बसों को सखी कैब सेवा के ईवी शटल बेड़े में शामिल किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने एडॉर्न एजेंसी के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर कर दिए हैं।

डीएम सविन बंसल ने दिए त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश

जिलाधिकारी सविन बंसल ने वर्चुअल माध्यम से स्मार्ट सिटी, एडॉर्न संस्था एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने ईवी शटल बसों की खरीद प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के साथ-साथ रूट चार्ट, बस स्टॉपेज, वेटिंग एरिया, चार्जिंग स्टेशन, डिज़ाइन एवं पार्किंग से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निःशुल्क शटल सेवा, आम जनता के लिए न्यूनतम किराया

ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग में वाहन पार्क करने वाले लोगों को ईवी मिनी शटल बसों के माध्यम से निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि आम नागरिकों के लिए न्यूनतम टिकट दर निर्धारित की जाएगी।
प्रथम चरण में 05 आधुनिक ईवी मिनी बसें खरीदी जा रही हैं, जिन्हें भविष्य में आवश्यकता अनुसार बढ़ाया जाएगा।

शहर को जाम से राहत, ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा

शहर में यातायात जाम से निजात दिलाने और बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तीन प्रमुख ऑटोमेटेड पार्किंग स्थलों का निर्माण किया गया है—

परेड ग्राउंड – 111 वाहन क्षमता

तिब्बती मार्केट – 132 वाहन क्षमता

कोरोनेशन – 18 वाहन क्षमता

ईवी शटल सेवा के संचालन के बाद घंटाघर, सुभाष रोड, गांधी पार्क, परेड ग्राउंड सहित लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में निःशुल्क ईवी बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत पल्टन बाजार, राजपुर रोड और सचिवालय रूट पर 10 स्थानों पर ड्रॉप-पिकअप प्वाइंट बनाए जाएंगे।

पहले से संचालित है ‘फ्री सखी कैब सुविधा’

जिला प्रशासन द्वारा वर्तमान में ऑटोमेटेड पार्किंग से जुड़े नागरिकों के लिए ‘फ्री सखी कैब सुविधा’ संचालित की जा रही है। इसके तहत जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, देहरादून को टाटा पंच ईवी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जो वाहन स्वामियों को नजदीकी व्यस्त क्षेत्रों तक निःशुल्क लाने-ले जाने की सुविधा प्रदान कर रहे हैं।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

वर्चुअल बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसीईओ स्मार्ट सिटी तीरथ पाल सिंह, एडॉर्न संस्था के अधिकारी विजय कुमार, सलाहकार युवराज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *